झालावाड़ में स्पीक मैके (SPIC MACAY) की कार्यशाला और प्रस्तुतीकरण कार्यक्रम के तहत मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त ओडिसी नृत्यांगना डॉ. पांमपी पाल ने उत्कृष्ट नृत्य प्रस्तुति दी। कार्यक्रम झालरापाटन ब्लॉक के झालावाड़ महिला शिक्षण विहार और महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, कलेक्ट्री झालावाड़ में आयोजित हुआ। डॉ. पाल पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी, कोलकाता से विशेष रूप से यहां पहुंचीं। कार्यक्रम की शुरुआत गुरु केलुचरण महापात्रा द्वारा रचित ‘माणिक्य वीणा’ में मंगलाचरण से हुई। इसमें सरस्वती देवी के विभिन्न स्वरूपों को ओडिसी नृत्य के माध्यम से भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया गया। कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को पताका, अर्ध पताका जैसी हस्त मुद्राएं, तथा अभंग, त्रिभंग, समभंग और चौक का अभ्यास भी कराया गया। इसके बाद मंच पर ओडिसी के शुद्ध नृत्य ‘बसंत पल्लवी’ की प्रस्तुति हुई, जिसमें कोणार्क और खजुराहो मंदिरों की प्राचीन कला को जीवंत रूप में दर्शाया गया। अंत में, गुरु नवकिशोर मिश्रा द्वारा रचित भजन ‘जय भगवती देवी नमो वर दे’ पर मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की वंदना की गई, जिसने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। स्पीक मैके की जिला संयोजक सपना जैन ने बताया कि डॉ. पांमपी पाल ने अपनी नृत्य शिक्षा गुरु पोशाली मुखर्जी से प्राप्त की है। वह दूरदर्शन की बी-ग्रेड कलाकार हैं और भारत सहित लंदन, पोलैंड, बांग्लादेश व इंडोनेशिया में भी प्रस्तुति दे चुकी हैं। उनके पास नृत्य में पीएचडी की डिग्री है और उन्हें ‘गुरु केलुचरण महापात्र युवा प्रतिभा पुरस्कार’ से सम्मानित किया जा चुका है। महिला शिक्षण विहार में वार्डन नंद कुंवर ने और महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में एडीपीसी कल्याणमल वर्मा, प्रधानाचार्य बालचंद कारपेंटर व मनीषा शर्मा ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में कुलवंत बैरागी ने सहयोग दिया।


