झालावाड़ में कलेक्टर ने उपखंड कार्यालय का किया निरीक्षण:अनुज्ञा-पत्रों को नियमित रूप से ऑनलाइन करने पर दिया जोर

झालावाड़ में जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने मंगलवार को उपखण्ड कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपखंड अधिकारी अभिषेक चारण को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधीनस्थ कार्यालयों के नियमित निरीक्षण, भ्रमण और रात्रि विश्राम के निर्देश दिए। उन्होंने उपखंड क्षेत्र के सभी अनुज्ञा-पत्रों को नियमित रूप से ऑनलाइन करने पर जोर दिया। राठौड़ ने संपर्क पोर्टल पर प्राप्त प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, ग्राम पंचायतों में आयोजित रात्रि चौपाल और जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई कर उनके शीघ्र समाधान के लिए कहा।
कलेक्टर ने राजस्व न्यायालय में पांच वर्ष से अधिक समय से लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने भू-राजस्व एवं अन्य मदों में निर्धारित मांग के अनुसार अवधि की समाप्ति तक शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने को भी कहा। निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी अभिषेक चारण सहित संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *