झालावाड़ में गांजा तस्करी करते एक आरोपी गिरफ्तार:पुलिस ने 1 किलो 99 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया, नेटवर्क के बारे में पूछताछ

झालावाड़ पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। कोतवाली थाना पुलिस की टीम ने रेलवे स्टेशन के पास पेंशनर गार्डन के सामने से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 1 किलो 99 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया गया। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर अफरोज (23) पुत्र सलीम खान, निवासी छत्रभवन के पीछे मदारी खां का तालाब, कच्ची बस्ती, झालावाड़ की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से यह अवैध मादक पदार्थ बरामद हुआ। एसपी अमित कुमार ने यह भी बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त, परिवहन, निर्माण और खपत में शामिल अपराधियों के विरुद्ध जिला स्तर पर एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिला स्पेशल टीम और सभी थानाधिकारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में विशेष टीमें गठित कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी अफरोज से गांजा की खरीद-फरोख्त के स्रोत और उसके तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *