झालावाड़ की असनावर पुलिस ने गेहूं के कट्टों की आड़ में अवैध डोडा चूरा तस्करी का बड़ा मामला उजागर किया है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक पिकअप से 469 किलो 550 ग्राम अवैध डोडा चूरा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि डुंगरगांव घाटी एनएच-52 अकलेरा-झालावाड़ रोड पर नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान अकलेरा की तरफ से आ रही एक पिकअप को रोका गया। ड्राइवर से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम प्रदीप कुमार सिंह उर्फ प्रदीप कालीराणा बताया। ड्राइवर की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पिकअप की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पिकअप में रखे 40 बोरों में गेहूं के नीचे छिपाकर रखे 26 प्लास्टिक के कट्टों में कुल 469 किलो 550 ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने पिकअप को जब्त कर आरोपी प्रदीप कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया। इस पूरी कार्रवाई में जिला स्पेशल टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। जांच के दौरान पता चला कि जब्त की गई पिकअप पर लगी नंबर प्लेट वाहन के चेसिस नंबर से मेल नहीं खा रही थी। पुलिस को पिकअप से एक और फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद हुई है। अभियुक्त शातिराना तरीके से नंबर प्लेट बदल-बदल कर मादक पदार्थों की तस्करी कर रहा था। आरोपी से इतनी बड़ी मात्रा में अवैध मादक पदार्थों की खरीद, उसकी खपत के स्थानों और तस्करी नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के बारे में गहन पूछताछ जारी है।


