झालावाड़ जिले के खानपुर उपखण्ड क्षेत्र में एक जंगल से करीब 10 दिन पुराना क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ है। यह शव बाघेर कस्बे के भीमसागर सड़क मार्ग पर मिला। ग्रामीणों की सूचना पर सारोला पुलिस मौके पर पहुंची।
शव की हालत काफी खराब है, जिसमें कमर से ऊपर का हिस्सा पूरी तरह गायब है। आशंका जताई जा रही है कि जंगली जानवरों ने शव को खाया है, जिससे उसकी पहचान मुश्किल हो गई है। ग्रामीणों ने रविवार सुबह शव देखकर पुलिस को सूचना दी। सारोला थानाधिकारी बुद्धाराम चौधरी अपनी टीम के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है।
घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने के लिए FSL टीम को बुलाया गया है। टीम द्वारा आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। फिलहाल, मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है और उसकी उम्र करीब 50 साल बताई जा रही है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतक की पहचान के प्रयास कर रही है। हालांकि, अभी तक इस संबंध में कोई प्रकरण दर्ज नहीं किया गया है।


