झालावाड़ जिले के सुनेल थाना क्षेत्र के सलोतिया गांव में गुरुवार रात एक युवक बंदूक के छर्रे लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे झालावाड़ के सरकारी अस्पताल के सर्जिकल आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर उसके शरीर से करीब आधा दर्जन छर्रे निकाले हैं। सुनेल थानाधिकारी सीआई विष्णु सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर एएसआई हरि सिंह ने झालावाड़ अस्पताल पहुंचकर घायल युवक से पूछताछ की। युवक ने पुलिस को बताया कि वह अपने चाचा के खेत पर खाना लेकर गया था। वहां जानवरों को डराने के लिए उसने एक नाली बंदूक चलाने का प्रयास किया।
युवक के अनुसार, बंदूक नहीं चली तो उसने उसे जमीन पर पटका। इसी दौरान बंदूक से निकले छर्रे उसकी कमर के पास जा लगे, जिससे वह घायल हो गया। घायल युवक को परिजन पहले सुनेल अस्पताल ले गए, जहां से उसे झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां उसे सर्जिकल वार्ड में भर्ती किया गया है। फिलहाल उसकी तबीयत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में घायल युवक के पर्चा बयान के आधार पर जांच की जा रही है।


