झालावाड़ जिले में पिछले 1 साल में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हुई है। चिकित्सा विभाग के क्षेत्र में जिले को प्रदेश स्तर पर सम्मान भी मिला है। CMHO डॉ. साजिद खान के नेतृत्व में यह उल्लेखनीय सुधार हुआ है। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिले की कुल 36 स्वास्थ्य संस्थाओं को एनक्यूएएस (नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड) के तहत राष्ट्रीय स्तर पर प्रमाणन मिला है। इनमें 26 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पूरी तरह से राष्ट्रीय प्रमाणित हुए हैं, जबकि 6 स्वास्थ्य संस्थाएं सशर्त प्रमाणित हुई हैं और 4 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राष्ट्रीय प्रमाणन में शामिल हैं। 57 स्वास्थ्य संस्थाएं राज्य स्तर पर प्रमाणित
इसके अलावा जिले की 57 स्वास्थ्य संस्थाओं को राज्य स्तर पर प्रमाणित किया गया है। इनमें 38 आयुष्मान आरोग्य मंदिर (उप-स्वास्थ्य केंद्र), 12 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और 7 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं।
सीएमएचओ खान ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित लक्ष्य के अनुसार मार्च 2026 तक जिले की 50 प्रतिशत स्वास्थ्य संस्थाओं को राष्ट्रीय प्रमाणन दिलाना है। वर्तमान में 1 वर्ष के भीतर ही जिले की 45 प्रतिशत स्वास्थ्य संस्थाएं एनक्यूएएस में प्रमाणित हो चुकी हैं, जिससे आमजन को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। इसी क्रम में स्वास्थ्य अधिकारी (प.क.) डॉ. अरविंद नागर को 26 जनवरी को जयपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान एनक्यूएएस कार्यक्रम के तहत प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए प्रदान किया गया।


