झालावाड़ में जिला प्रशासन और जिला रोजगार कार्यालय के संयुक्त देखरेख में शुक्रवार को एक दिवसीय रोजगार सहायता शिविर का आयोजन किया गया। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित इस शिविर में 1055 बेरोजगार आशार्थियों ने भाग लिया। शिविर में कुल 430 युवाओं का विभिन्न पदों पर प्रारंभिक चयन किया गया। जिला रोजगार अधिकारी अंकुर शर्मा ने बताया कि शिविर का शुभारंभ जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रिंसिपल और राजस्थान अनुसूचित जाति जनजाति वित्त एवं विकास लिमिटेड, झालावाड़ से ओमप्रकाश यादव भी मौजूद रहे। जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने युवाओं को स्वयं का रोजगार स्थापित करने और निजी क्षेत्र के नियोक्ताओं को अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार देने के लिए प्रेरित किया। रोजगार सहायता शिविर में उमड़े युवा, देखें फोटोज…
शिविर में 22 संस्थानों ने भाग लिया, जिनमें नून हॉस्पिटल भवानीमंडी, स्वतंत्र माइक्रो फिन लिमिटेड कोटा, ग्रो फास्ट ऑर्गेनिक डायमंड प्राइवेट लिमिटेड भोपाल, राजस्थान टेक्सटाइल मिल्स भवानीमंडी, एस.आई.एस. सिक्योरिटी जयपुर, परिधि फाउंडेशन, टीवीएस ग्रुप, चैतन्य माइक्रो फाइनेंस, भूमि टेक केयर, लीड सिक्योरिटी जयपुर, श्रीराम लाइफ इंश्योरेंस, अक्षय पात्र जयपुर, भाटिया एंड कंपनी झालावाड़, ऑल इंडिया जॉब्स कोटा, एम.आर.एफ. टायर जयपुर, एस.बी.आई. लाइफ इंश्योरेंस झालावाड़ और एच.डी.एफ.सी. लाइफ इंश्योरेंस झालावाड़ शामिल थे। इन संस्थानों ने टेक्नीशियन, रिलेशनशिप ऑफिसर, ऑपरेटर, स्टोर असिस्टेंट, फील्ड ऑफिसर, मशीन ऑपरेटर, ग्रुप लीडर, कस्टमर रिलेशन एग्जीक्यूटिव, सेल्स एग्जीक्यूटिव, लाइफ मित्रा, सिक्योरिटी गार्ड, हेल्पर और डाटा एंट्री ऑपरेटर जैसे विभिन्न पदों के लिए भर्ती की। रोजगार के लिए कुल 430 आशार्थियों का प्रारंभिक चयन किया गया। इसके अतिरिक्त, राजस्थान आजीविका विकास निगम द्वारा संचालित प्रशिक्षण संस्थानों जैसे प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन उदयपुर और पी.एन.बी. आरसेटी झालरापाटन ने रोजगारपरक प्रशिक्षण के लिए 124 आशार्थियों का प्रारंभिक चयन किया। राजस्थान अनुसूचित जाति जनजाति वित्त एवं विकास निगम लिमिटेड, झालावाड़ ने 20 आशार्थियों को स्वरोजगार संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया।


