किशनगढ़बास। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण खैरथल तिजारा के सचिव रनवीर सिंह के निर्देश पर किशनगढ़बास की ग्राम पंचायत झिरंडिया के इच्छाका स्थित पहाड़ी बास में एक कानूनी जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में पीएलवी सूरजभान कछवाहा और गुलाब शर्मा ने आमजन को साइबर अपराध से बचाव की विधिक जानकारी दी। शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना था। इसमें उनके कानूनी अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई। यह शिविर विशेष रूप से छात्रों, वरिष्ठ नागरिकों, व्यावसायिक पेशेवरों और आम जनता के लिए आयोजित किया गया था। आयोजित शिविर में पीएलवी सूरजभान कछवाहा ने साइबर अपराध की परिभाषा और उससे बचाव के उपाय बताए। उन्होंने ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया हैकिंग, फिशिंग ईमेल, फर्जी कॉल और ओटीपी फ्रॉड जैसे सामान्य साइबर अपराधों पर प्रकाश डाला। बचाव के उपायों में मजबूत पासवर्ड का उपयोग करना, दो-स्तरीय प्रमाणीकरण, किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करना और सार्वजनिक वाई-फाई से सतर्कता बरतना शामिल था। इस अवसर पर वित्तीय धोखाधड़ी से संबंधित साइबर अपराध होने पर राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल 1930 पर कॉल करने और www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करने की जानकारी भी प्रदान की गई।


