भास्कर न्यूज | राजनांदगांव झीरम नक्सली हमले की 12वीं बरसी पर कांग्रेस भवन में झीरम नरसंहार में शहीद कांग्रेस नेताओं के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई । कांग्रेस कमेटी के महामंत्री अमित चंद्रवंशी ने बताया कि झीरम हमले में कांग्रेस के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार पटेल, बस्तर टाइगर महेंद्र कर्मा, राजनांदगांव के पूर्व विधायक उदय मुदलियार, अलानूर भिंसरा सहित प्रदेश कांग्रेस के कई नेता, सुरक्षाकर्मी नक्सलियों के इस नरसंहार में शहीद हुए थे। वरिष्ठ नेता पूर्व केंद्रीय मंत्री विद्याचरण शुक्ल गंभीर रूप से घायल हुए थे, इस घटना के कुछ दिनों बाद 11 जून को उन्होंने अंतिम सांस ली। कांग्रेस भवन में संगोष्ठी सभा के माध्यम से इन नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद पोस्ट ऑफिस चौक स्थित स्व.उदय मुदलियार एवं स्व. अलानूर भिंसरा की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किया गया। इस दौरान पूर्व मंत्री वरिष्ठ कांग्रेस नेता धनेश पाटिला ने कहा कि झीरम के शहीदों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।


