झुंझुनूं में दिनदहाड़े बीच सड़क पर बदमाश भिड़े, मारपीट की:3KM तक एक- दूसरे का पीछा किया, गाड़ियों को टक्कर मारी

झुंझुनूं शहर के बालूराम स्मारक से सगीरा सर्किल बीच सड़क पर शुक्रवार को बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। एक- दूसरे की गाड़ियों के टक्कर मारी और बीच सड़क मारपीट की। करीब 30 से 40 मिनट तक दो पक्षों के बीच झड़प हुई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें बीच सड़क एक युवक को तीन से चार बदमाश पीटते दिखाई दे रहे है। जानकारी के अनुसार, हिस्ट्रीशीटर डेनिश उर्फ नरेश बावरिया और दीपक मालसरिया के गुर्गों के बीच यह झगड़ा हुआ। डेनिश बावरिया और दीपक मालसरिया की गाड़ियां करीब तीन किलोमीटर तक एक-दूसरे का पीछा करती रहीं। आखिरकार थ्री डॉट्स के पास एसके ट्रेडिंग कंपनी के बाहर दोनों गुटों के बीच भिड़ंत हो गई। चश्मदीदों के मुताबिक, बदमाशों ने एक-दूसरे की गाड़ियों को टक्कर मारनी शुरू कर दी, जिससे इलाके के व्यापारियों में दहशत फैल गई। दोनों पक्षों के बदमाशों के बीच हुई मारपीट
थानाधिकारी नारायण सिंह ने बताया कि जीत की ढाणी निवासी डेनिश उर्फ नरेश बावरिया एक कुख्यात अपराधी है और धनूरी थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, मारपीट सहित कुल 15 मामले दर्ज हैं। वहीं, भाटीवाड निवासी दीपक मालसरिया भी अपराधी प्रवृत्ति का है। उसके खिलाफ गुढ़ा थाने में पुलिस की गाड़ी में तोड़फोड़ सहित मारपीट के छह मामले दर्ज हैं। इनमें दीपक मालसरिया ‘गब्बर गैंग’ से जुड़ा हुआ है। वहीं, डेनिश उर्फ नरेश बावरिया को हाल ही में एसबीआई बैंक में डकैती के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। लेकिन वह जमानत पर बाहर आ गया। हालांकि घटना के बाद दोनों बदमाश अपने गुर्गों के साथ फरार हो गए हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। घटना स्थल के आसपास लगे कैमरे खराब थे। पुलिस बदमाशों की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस देरी से पहुंची, व्यापारियों में दहशत
प्रत्यक्षदर्शी विशाल सोनी ने बताया कि वे अपनी दुकान में बैठे थे, तभी अचानक एक कैंपर गाड़ी आकर रुकी। इसके पीछे से आ रही तीन-चार गाड़ियों ने उसमें टक्कर मारनी शुरू कर दी। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस 40 मिनट बाद मौके पर पहुंची। तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। इस बीच 20 मिनट तक एक गाड़ी नाले में फंसी रही, जिसे बाद में निकाला गया और इसे लेकर बदमाश फरार हो गए। पुलिस के देर से पहुंचने पर स्थानीय व्यापारियों ने नाराजगी जताई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *