झुंझुनूं में बिना टैक्स चुकाए सड़कों पर चल रहे व्यावसायिक वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला परिवहन अधिकारी (डीटीओ) मोनू मीणा के निर्देशन में टीम ने चार निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाले बड़े वाहनों को जब्त किया है। इस कार्रवाई से विभाग को करीब 6 लाख रुपए का राजस्व मिलने की संभावना है। जांच में सामने आया कि चारों वाहन राजस्थान के नहीं अन्य राज्यों के थे और सभी पर प्रवेश और संचालन कर बकाया था। सूचना के बाद बनी विशेष टीम परिवहन विभाग को जानकारी मिल रही थी कि बाहरी राज्यों के निर्माण वाहन बिना राजस्थान का टैक्स जमा कराए जिले में काम कर रहे हैं। इस पर डीटीओ ने विशेष टीम का गठन किया। परिवहन निरीक्षक रमेश कुमार यादव के नेतृत्व में टीम ने अलग-अलग जगह नाकाबंदी कर जांच शुरू की। चिड़ावा और नवलगढ़ में दबिश चिड़ावा में एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स चौकी के पास से एक लोडर और एक कंक्रीट मिक्सिंग मशीन जब्त की गई। नवलगढ़ (बेरी) में पावर ग्रिड के पास कार्रवाई करते हुए एक लोडर और एक कंक्रीट मिक्सिंग मशीन को कब्जे में लिया गया। अन्य राज्यों के वाहन, एक बिना पंजीकरण अब 15 गुना तक लगेगा जुर्माना राज्य सरकार ने टैक्स चोरी रोकने के लिए नियम सख्त किए हैं। अब यदि अन्य राज्यों के निर्माण वाहन बिना बॉर्डर टैक्स पकड़े जाते हैं तो टैक्स राशि के साथ 15 गुना तक जुर्माना वसूला जाएगा। पहले यह जुर्माना 4 गुना था। टैक्स चोरों में हड़कंप परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से वाहन मालिकों और ठेकेदारों में हड़कंप है। डीटीओ मोनू मीणा ने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और बिना वैध दस्तावेज और टैक्स के कोई भी वाहन जिले में संचालित नहीं होने दिया जाएगा।


