नगर परिषद के सामने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पिछले कुछ समय से आंदोलन कर रहे सफाई कर्मचारियों का धरना मंगलवार को झुंझुनूं विधायक राजेन्द्र भांबू की मध्यस्थता के बाद समाप्त हो गया। विधायक ने न केवल कर्मचारियों की पीड़ा सुनी, बल्कि तत्काल अधिकारियों के साथ बैठक कर समाधान का रास्ता निकाला। सफाई कर्मचारियों द्वारा दिए जा रहे धरने की सूचना मिलते ही विधायक राजेन्द्र भांबू धरना स्थल पर पहुंचे। वहां उन्होंने कर्मचारियों के बीच बैठकर उनकी मांगों और समस्याओं को विस्तार से सुना। कर्मचारियों ने वेतन विसंगतियों, कार्यस्थल की सुविधाओं और अन्य प्रशासनिक मुद्दों को विधायक के सामने रखा। विधायक ने आश्वासन दिया कि जायज मांगों को अनसुना नहीं किया जाएगा। विधायक राजेन्द्र भांबू ने कहा कि किसी भी समस्या का समाधान केवल संवाद और संवेदनशीलता से ही संभव है। कर्मचारी हमारे शहर का अभिन्न अंग हैं। प्रशासन को चाहिए कि वह पारदर्शिता के साथ कार्य करें ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो। हमारे लिए जनहित और कर्मचारियों का सम्मान सर्वोपरि है। प्रशासन और संगठन के बीच बनी बात धरना स्थल से सीधे विधायक भांबू नगर परिषद कार्यालय पहुंचे और आयुक्त देवी लाल बोचल्या के साथ बैठक की। चर्चा के दौरान विधायक ने स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था शहर की धड़कन है और इसे सुचारू रखने के लिए कर्मचारियों का संतुष्ट होना आवश्यक है। विधायक के हस्तक्षेप के बाद नगर परिषद प्रशासन ने प्रमुख मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाया और आपसी सहमति से समाधान का ड्राफ्ट तैयार किया गया। इनकी रही उपस्थिति इस मौके पर पार्षद प्रमोद जानू, मकबूल, अशोक कुमावत, रोहन सैनी, अरुणा सिहाग, सुभाष जनैवा और मुकेश कड़वासरा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


