छतरपुर के महोबा रोड़ पर बाबूराम पेट्रोल पंप के पास शनिवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने झुग्गियों को रौंदते हुए बाइक को टक्कर मार दी। इसमें 16 साल की किशोरी की घटना स्थल पर ही मौत हो गई, जबकि पिता को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं गढ़ीमलहरा थाना पुलिस ने ट्रक को पकड़ लिया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार संतु आदिवासी सागर जिले के रानीपुरा गांव का रहने वाला है और खेती करता है। शनिवार सुबह संतु अपनी बड़ी लड़की शिवानी के साथ बाइक पर गेहूं पिसाने के लिए गया था। वापस लौटते समय उसने छतरपुर की ओर से तेज रफ्तार ट्रक आते देखा, तो बाइक साइड में रोक ली। इसी दौरान एक पिकअप को बचाने के चक्कर में ट्रक सड़क से नीचे उतर गया और झुग्गियों को तोड़ते हुए बाइक से टकरा गया। टक्कर की वजह से शिवानी उछल कर रोड़ पर गिर गई और ट्रक ने उसे रौंद दिया। गढ़ीमलहरा पुलिस ने ट्रक चालक को पकड़ा टक्कर के बाद ड्राइवर ट्रक के साथ फरार हो गया। आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी। गढ़ीमलहरा पुलिस ने ट्रक और चालक दोनों को पकड़ लिया। घटना के बाद सिटी कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद कुजूर और ओरछा थाना प्रभारी दीपक यादव मौके पर पहुंचे और घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा, जहां उसका इलाज जारी है। घटना में घायल संतु ने बताया कि 10 साल से परिवार के साथ राधे यादव के खेत में काम कर रहा है। आज सुबह बाइक से बड़ी लड़की के साथ गेहूं पिसाने के लिए गया था। वापस लौटते हुए ट्रक ने पहले टक्कर मारी, उसके बाद बेटी को कुचल दिया। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद कुजूर ने बताया कि ट्रक और चालक को गढ़ीमलहरा पुलिस ने पकड़ लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। वहीं जिला अस्पताल में घायल का इलाज जारी है और मृतक का पोस्टमॉर्टम किया जा रहा है।


