बैकुंठपुर | कोरिया जिला मुख्यालय से लगे ग्राम पंचायत सागरपुर में स्थित झुमका डैम और पार्क क्षेत्र में 26 और 27 जनवरी को बड़ी संख्या में स्थानीय पर्यटक सैर-सपाटे के लिए पहुंचे। गणतंत्र दिवस पर उम्मीद से कहीं अधिक भीड़ उमड़ने के कारण पार्क और आसपास के क्षेत्र में पर्यटकों ने काफी गंदगी फैलाई। प्लास्टिक, खाने-पीने के पैकेट और अन्य कचरे से पर्यटन स्थल की सुंदरता प्रभावित हुई। अगले दिन कुछ जागरूक छात्रों ने स्वेच्छा से सफाई अभियान चलाकर पार्क और झुमका डैम क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाकर सफाई शुरू की। छात्रों ने न केवल गंदगी हटाई, बल्कि वहां मौजूद लोगों को स्वच्छता बनाए रखने का संदेश भी दिया। छात्रों की इस पहल की स्थानीय नागरिकों ने जमकर सराहना की और इसे प्रेरणादायक कदम बताया। यह बता दें कि पार्क क्षेत्र की साफ-सफाई की जिम्मेदारी संचालन करने वालों को सौंपी गई है। इसके बावजूद छात्रों ने आगे बढ़कर सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया।


