झोपड़ी में लगी आग, जली मिली 500 की गड्डियां, VIDEO:शॉर्ट सर्किट से हुआ हादसा; पीड़ित बोला-4 दिन पहले गाड़ी बेची थी

चार दिन पहले पिकअप बेचकर मिले चार लाख अस्सी हजार रुपए को मालिक ने लकड़ी की अलमारी में रख दिया। यह अलमारी कच्ची झोपड़ी में थी। गुरुवार दोपहर 3 बजे शॉर्ट सर्किट से छप्पर में आग लग गई। आग में लकड़ी की अलमारी भी जल गई। इससे नोट भी जल गए। मामला धौलपुर जिले के बाड़ी उपखंड के कंचनपुर थाना क्षेत्र के नगला अंबरखां गांव की है। पीड़ित जगन्नाथ गुर्जर (45) ने बताया- मैं और मेरा छोटा भाई विष्णु (40) संयुक्त परिवार में रहते हैं। मेरे पास बोलेरो है, मैं ड्राइवरी करता हूं। छोटे भाई के पास पिकअप थी, उसने बड़ा लोडिंग व्हीकल खरीदने के लिए चार दिन पहले पिकअप को 4 लाख 80 हजार रुपए में बेचा था। हम नई पिकअप खरीदने का विचार कर रहे थे। पैसा घर में कच्ची झोपड़ी में अलमारी में रखा था। बुधवार को विष्णु किसी काम से गांव से बाहर गया हुआ था। मैं उसके आने का इंतजार कर रहा था। उनके आने के बाद पैसे लेकर बैंक जाने का कार्यक्रम था। लेकिन इससे पहले ही दोपहर 3 बजे छप्पर में आग लग गई। देखते-देखते आग पूरी झोपड़ी में फैल गई। इससे अलमारी में रखे 4 लाख 80 हजार रुपए के नोट जल गए। इसके साथ ही घरेलू सामान भी जल गया। जगन्नाथ ने बताया- जब आग लगी तो घर में दोनों भाइयों की पत्नियां और मां थीं। मैं खेत पर गया हुआ था। आग से घरेलू सामान, कूलर, पंखे, पलंग, छह चारपाई, अनाज, भूसा, कपड़े, रजाई, गद्दे जल गए। एक घंटे में दमकल ने पाया काबू नगर पालिका के दमकल चालक शरीफ खान ने बताया- हमें थाने से फोन आया तो हम सीधे दमकल लेकर गांव पहुंचे। ग्रामीण आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे थे। हमने ग्रामीणों के सहयोग से आग पर करीब एक घंटे में काबू पाया गया। आग लगने की घटना की जानकारी कंचनपुर पुलिस के साथ उप तहसील कंचनपुर कार्यालय को भी दी गई है। हल्का पटवारी भी मौके पर पहुंचे और नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट बनाई। ग्रामीणों ने दोनों भाइयों के लिए मुआवजे की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *