टांडा पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में दो युवकों को नशीली गोलियों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से कुल 153 नशीली गोलियां बरामद की हैं। दोनों गिरफ्तारियां नाकेबंदी और गश्त के दौरान हुईं। एसएचओ टांडा गुरिंदरजीत सिंह नागरा ने बताया कि जिला पुलिस प्रमुख संदीप कुमार मलिक और डीएसपी दविंदर सिंह बाजवा के निर्देशों पर कार्रवाई की गई। एएसआई सरबजीत सिंह ने झावा चौक में नाकेबंदी की थी। इस दौरान गांव हंबड़ा की तरफ से आ रहा एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसे काबू किया। पूछताछ में उसने अपना नाम बलवंत सिंह उर्फ सोनू पुत्र सुरिंदरपाल सिंह निवासी गांव मिर्जापुर बताया। उसकी तलाशी लेने पर उसकी जेब से एक काले लिफाफे में 88 नशीली गोलियां बरामद हुईं। इसी तरह, एएसआई राजविंदर सिंह की टीम गांव टाहली से रड़ा धुस्सी बांध की तरफ गश्त कर रही थी। धुस्सी बांध के पास एक युवक को रोककर पूछताछ की गई। उसने अपना नाम असलम अली पुत्र नूरदीन निवासी मिर्जापुर बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 65 नशीली गोलियां बरामद हुईं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत दो अलग-अलग मामले दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि नशीली गोलियों की सप्लाई लाइन का पता लगाया जा सके।


