टांडा उड़मुड़ की सब्जी मंडी से चोर कनफेक्शनरी की एजेंसी के सामने खड़ी बोलेरो चुराकर ले गए। चोरी के ये घटना दुकान के सामने लगे CCTV में कैद हुई है। इसमें स्विफ्ट कार में दो युवक आते दिखाई देते हैं।
इसके बाद युवक गाड़ी का लॉक खोलते हैं और उसे स्टार्ट करके ले जाते हैं। घटना सोमवार देर रात साढ़े 12 बजे के करीब की है। कनफेक्शनरी मालिक दीपक नैयर ने बताया कि रात को दुकान बंद करते वक्त गाड़ी दुकान के आगे खड़ी की थी। चोरी का पता सुबह चला जब वह दुकान खोलने के लिए पहुंचे।
पहले गाड़ी के बारे में आस-पास पता किया। इसके बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर देखी तो दो युवक बोलेरो को ले जाते हुए दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। टांडा पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मौके का दौरा किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। थाना पुलिस ने बताया कि वे मंडी में लगे विभिन्न सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं ताकि चोरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। दीपक नैयर ने प्रशासन से अपनी बोलेरो गाड़ी जल्द ढूंढने की मांग की है ताकि वे अपना काम फिर से शुरू कर सकें। उन्होंने यह भी बताया कि इस मंडी से पहले भी दो-तीन बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं।


