शहर के भगवान महावीर टाउन हॉल, विवेकानंद सर्किल एवं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमाओं के समीप खुलेआम मटन, चिकन एवं अंडों की बिक्री किए जाने को लेकर जीवदया मैत्री ग्रुप, बाड़मेर की ओर से अतिरिक्त जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल रोक लगाने की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि उक्त स्थल सार्वजनिक होने के साथ-साथ धार्मिक एवं महापुरुषों से जुड़े स्थान हैं, इसके बावजूद वहां मांसाहार सामग्री की खुलेआम बिक्री होना नियमविरुद्ध एवं धर्मविरुद्ध है। जीवदया मैत्री ग्रुप के अध्यक्ष एडवोकेट मुकेश जैन ने कहा कि धार्मिक स्थलों के आसपास इस प्रकार की गतिविधियां न केवल जनभावनाओं के खिलाफ हैं, बल्कि सभी धर्मों की भावनाओं को आहत करने वाली हैं। उन्होंने बताया कि इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है, जिनमें बड़ी संख्या में धार्मिक प्रवृत्ति के लोग शामिल हैं, जिन्हें इस प्रकार की बिक्री से ठेस पहुंचती है। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांग की गई कि मटन, चिकन एवं अंडों की बिक्री करने वालों को वहां से हटाकर अन्यत्र स्थान पर शिफ्ट किया जाए अथवा पूर्ण रूप से बंद करवाया जाए। ज्ञापन सौंपते समय जीवदया मैत्री ग्रुप के अध्यक्ष एडवोकेट मुकेश जैन के साथ गौतम बोथरा, रमेश पारख, संजय संखलेचा, नरेन्द्र छाजेड़, एडवोकेट हिमांशु संखलेचा, भूरचंद संखलेचा, जितेन्द्र बांठिया, कैलाश संखलेचा, रतनलाल पड़ाईया, मुरलीधर संखलेचा, एडवोकेट जितेन्द्र दवे, एडवोकेट मुस्कान सर्राफ, सरूपचंद रणधा, भजनलाल बिश्नोई, उगराराम सारण, ललित व्यास, मोनिका सैन, राहुल शर्मा उपस्थित रहे।


