टीकमगढ़ के नजरबाग मंदिर में गूंजे शिव विवाह के गीत:बसंत पंचमी पर लिखी गई महादेव की लग्न पत्रिका; महाशिवरात्रि पर निकलेगी भगवान की बारात

टीकमगढ़ के ऐतिहासिक नजरबाग मंदिर में शुक्रवार को बसंत पंचमी पर एक विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ। भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह का संकल्प लेते हुए विधि-विधान से ‘लग्न पत्रिका’ लिखी गई। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्ति के रंग में डूबा नजर आया और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए। 40 साल पुरानी परंपरा का हुआ निर्वाह मंदिर के पुजारी सुरेंद्र मोहन द्विवेदी ने बताया कि नजरबाग मंदिर में शिव-पार्वती विवाह की यह परंपरा पिछले 40 वर्षों से निरंतर चली आ रही है। शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे मंदिर के आचार्य गुड्डन द्विवेदी महाराज ने शुभ मुहूर्त में लग्न पत्रिका तैयार की। इसके बाद भक्तों के बीच इस पत्रिका का वाचन किया गया। इस खास मौके पर महादेव की प्राचीन प्रतिमा का फूलों से मनमोहक श्रृंगार किया गया था, जबकि महिलाओं ने मंगल भजन गाकर उत्सव की खुशियां मनाईं। महाशिवरात्रि पर मचेगी धूम, तीन दिन चलेगा महोत्सव पुजारी के अनुसार, लग्न लिखे जाने के साथ ही अब विवाह की तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है। इस बार महाशिवरात्रि के अवसर पर मंदिर में तीन दिवसीय भव्य महोत्सव का आयोजन होगा। 15 फरवरी को महाशिवरात्रि पर विवाह की मुख्य रस्में पूरी की जाएंगी। आयोजन की शुरुआत गणेश पूजन से होगी, जिसके बाद अगले दिन भगवान का मंडप सजाया जाएगा। नगर में निकलेगी बाबा की बारात महोत्सव का मुख्य आकर्षण महाशिवरात्रि पर निकलने वाली भगवान शिव की बारात होगी। गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ निकलने वाली यह बारात नगर के मुख्य मार्गों का भ्रमण करेगी और फिर वापस नजरबाग मंदिर पहुंचेगी। मंदिर पहुंचने पर शिव-पार्वती के विवाह की रस्में पूरी होंगी। इस दौरान देर रात तक मंदिर परिसर में भजन संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला चलता रहेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *