टीकमगढ़ के लिधौरा में ठाकुर जी मिलन समारोह:सभी भगवानों को किलाधीश मंदिर में विराजमान कर हुई सामूहिक आरती

टीकमगढ़ के नगर परिषद लिधौरा में मंगलवार को ठाकुर जी मिलन समारोह आयोजित किया गया। इस वार्षिक आयोजन में नगर के सभी प्रमुख मंदिरों के भगवानों को आकर्षक विमानों में विराजमान कर शोभायात्रा निकाली गई। इसके बाद सभी देवताओं को प्राचीन किलाधीश मंदिर में एक साथ स्थापित किया गया। शोभायात्रा के दौरान पुराने वाद्ययंत्र जैसे रमतूला, बैंड बाजे, शंख, झालर और सारंगी बजाए गए। ढोल नगाड़ों के साथ पुष्प वर्षा करते हुए भगवानों को किलाधीश मंदिर तक लाया गया। राजसी परंपरा के अनुसार उनकी विधिवत अगवानी की गई। किलाधीश मंदिर में चिन्हित स्थान पर ठाकुर जी के लिए चौक सजाया गया। सभी भगवानों के एक साथ विराजमान होने के बाद विधि-विधान से बाल भोग और दोपहर में राजभोग लगाया गया। इसके उपरांत सामूहिक पूजा-अर्चना और आरती की गई। लिधौरा निवासी समाजसेवी रघुवीर सहाय पस्तोर ने बताया कि यह ठाकुर जी मिलन समारोह प्रति वर्ष प्राचीन परंपरा के अनुसार आयोजित होता है। इस दौरान नगर के समस्त मंदिरों के ठाकुर जी किला परिसर स्थित श्री किलाधीश सरकार मंदिर में एकत्रित होते हैं। शाम को सभी भगवानों की संध्या आरती की जाएगी। इसके साथ ही शाम 4 बजे से नगर भंडारे का आयोजन शुरू होगा, जिसमें लिधौरा और आसपास के कई गांवों के लोग शामिल होंगे। संध्या वंदन के बाद विदाई समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रात में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद सभी प्रमुख मंदिरों से आए भगवानों को पुनः उनके मंदिरों में स्थापित किया जाएगा। इस अनोखी परंपरा के दर्शन करने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु नगर परिषद लिधौरा पहुंचे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *