टीकमगढ़ में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार रात जतारा एसडीएम संजय दुबे ने पुलिस बल के साथ उर नदी पर छापा मारा। इस दौरान मौके से एक एलएनटी मशीन, एक जेसीबी और एक हाइवा डंपर जब्त किया गया। जब्त किए गए वाहनों को देर रात जतारा थाने में रखवाया गया। एसडीएम संजय दुबे ने बताया कि उन्हें जतारा थाना क्षेत्र के संजय नगर गांव के पास उर नदी में अवैध उत्खनन की सूचना मिली थी। पुलिस बल के साथ मौके पर निरीक्षण के दौरान नदी किनारे 25 से अधिक डंपर रेत का अवैध स्टॉक मिला। एक एलएनटी और एक जेसीबी मशीन नदी से अवैध रूप से रेत निकाल रही थीं, जबकि एक हाइवा डंपर मौके पर खड़ा था। तीनों वाहनों और रेत के स्टॉक को जब्त कर पुलिस हिरासत में थाने भेज दिया गया है। यह कार्रवाई दो दिन पहले जिले के दौरे पर आईं प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर के निर्देशों के बाद हुई है। लोगों ने प्रभारी मंत्री से जिले में अवैध रेत और मुरम उत्खनन की शिकायत की थी। कलेक्ट्रेट में बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने जिला प्रशासन को अवैध उत्खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि जिस स्थान से रेत निकाली जा रही थी, उस जगह का कोई ठेका नहीं हुआ है। यह पूरी तरह से अवैध उत्खनन का मामला है, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई है।


