टीकमगढ़ में सोमवार को घना कोहरा छाया रहा, जिससे कड़ाके की ठंड बढ़ गई। बीते 24 घंटों में दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। दिन का तापमान 3 डिग्री घटकर 17.4 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 4 डिग्री घटकर 6.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए, रविवार रात कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने नगर पालिका सीएमओ के साथ बस स्टैंड स्थित रैन बसेरा और जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने ठंड से बचाव की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सीएमओ ओमपाल सिंह भदौरिया ने बताया कि कलेक्टर ने न्यू बस स्टैंड स्थित रैन बसेरा में रह रहे लोगों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान नगर पालिका सीएमओ ओमपाल सिंह भदौरिया और पार्षद प्रतिनिधि अब्दुल जाहिद भी उपस्थित रहे। इसके बाद, उन्होंने जिला अस्पताल में मरीजों के परिजनों के लिए की गई अलाव व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और सभी को ठंड में सावधानी बरतने की सलाह दी। न्यू बस स्टैंड स्थित रैन बसेरा में 25 पुरुषों और 25 महिलाओं के लिए मुफ्त रुकने की व्यवस्था है। भू अभिलेख कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री रहा था। शनिवार को अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, रविवार को अधिकतम तापमान 20 डिग्री से घटकर 17.4 डिग्री और रात का तापमान 10 डिग्री से घटकर 6.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, इस सप्ताह सर्द हवाओं का दौर लगातार जारी रहेगा। अनुमान है कि दिन का तापमान 17 से 18 डिग्री और रात का तापमान 6 से 7 डिग्री के बीच रहेगा। इस पूरे सप्ताह लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ेगा।


