टीकमगढ़ में भारतीय किसान संघ ने गुरुवार को किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट रोड पर रैली निकालने के बाद किसानों ने मुख्यमंत्री और जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपे। किसानों की समस्याओं के समाधान की रखी मांग भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष शिव मोहन गिरी ने बताया कि मुख्यमंत्री के नाम 21 सूत्रीय और जिला कलेक्टर के नाम 13 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया है। इन ज्ञापनों के माध्यम से किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग की गई है। ज्ञापन में मध्य प्रदेश में भू-लेंटिंग एक्ट कानून को पूरी तरह वापस लेने की मांग प्रमुखता से उठाई गई है। इसके साथ ही, मक्का और मूंगफली की खरीदी समर्थन मूल्य पर करने और रबी सीजन के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है। मृत किसान के परिवार को मुआवजा देने की मांग किसानों ने जबलपुर की तर्ज पर जिले में ई-टोकन व्यवस्था लागू करने, खराब ट्रांसफॉर्मर बदलने, और टीकमगढ़ जिले के बडौराघाट में खाद की लाइन में मृत किसान जमुना कुशवाहा के परिवार को तत्काल मुआवजा राशि जारी करने की मांग की। इसके अलावा जिले में लंबित राजस्व प्रकरणों को समय सीमा में हल करने, रिकॉर्ड दुरुस्तीरकण, पोथी बटवारा और तरमीम जैसे कार्यों के लिए समय सीमा निर्धारित करने की मांग भी की गई। धसान नदी को ककरवाहा से राजेंद्र सागर बांध में जोड़ने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है। किसान संघ ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होता है, तो भारतीय किसान संघ महाकौशल प्रांत उज्जैन और भोपाल में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करेगा।


