टीकमगढ़ में जिला अस्पताल परिसर में मंगलवार शाम को एक नवजात बच्चे को फेंका गया, जो जीवित पाया गया। सूचना मिलने पर उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। नवजात शिशु अस्पताल के मुख्य गेट के पास झाड़ियों में मिला। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। सीसीटीवी में नवजात फेंकते दिखे लोग घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर दो बाइक पर सवार होकर पहुंची एक महिला और तीन अन्य लोग नवजात को फेंकते हुए दिखाई दिए। 15 मिनट में पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संदिग्धों को डॉ. मांडवी साहू के कलेक्टरेट रोड स्थित जीवन हॉस्पिटल के पास से पकड़ा गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आज ही इन्हीं डॉक्टर के जीवन नर्सिंग होम में नवजात की डिलीवरी हुई थी। आरक्षक आदर्श शर्मा, सद्दाम खान, संजय राजपूत, प्रशांत अहिरवार और सौरभ वर्मा की टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 15 मिनट के भीतर आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों में दो युवक और एक महिला शामिल है। पुलिस ने संदिग्धों को कोतवाली भेज दिया है। बताया जा रहा है कि बच्चा फेंकने वाले लोग छतरपुर जिले के घुवारा के निवासी हैं। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है।


