टीकमगढ़ में नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार ने सड़क किनारे बिछाए जा रहे पेवर्स के निर्माण कार्य को रुकवा दिया है। वार्डवासियों की शिकायत पर सोमवार को अध्यक्ष ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और ठेकेदार को काम बंद करने के निर्देश दिए। यह कार्य नजर बाग के पास स्थित छोटे सरकारी अस्पताल से जय स्तंभ की ओर किया जा रहा था। स्थानीय लोगों ने शिकायत की थी कि पेवर्स सड़क से करीब 1 फीट ऊंचाई पर लगाए जा रहे हैं और उनकी गुणवत्ता भी घटिया है। आरोप है कि ठेकेदार द्वारा नीचे सिर्फ डस्ट बिछाकर गुणवत्ताहीन काम किया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान नपा अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार ने ठेकेदार को फटकार लगाते हुए कहा कि नगर पालिका के पैसे की बर्बादी न करें। उन्होंने चेतावनी दी कि सड़क से करीब 1 फीट 9 इंच ऊंचाई पर लगाए जा रहे पेवर्स से बारिश में सड़क पर पानी जमा होगा, जिससे लोगों को परेशानी होगी। साथ ही, गुणवत्ताहीन काम के कारण पेवर्स जल्द ही उखड़ जाएंगे। अध्यक्ष ने ठेकेदार को तत्काल काम बंद करने और आगे नगर पालिका के इंजीनियर की देखरेख में ही काम शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी बताया कि नगर पालिका में कई निर्माण कार्य ऐसे हो रहे हैं जिनकी उन्हें कोई जानकारी नहीं दी जा रही है। नपा अध्यक्ष के अनुसार, 5 लाख रुपये से कम राशि के काम सीएमओ अपने स्तर पर चहेते लोगों को दे रहे हैं। इन कार्यों के भुगतान के लिए फाइलें उनके पास नहीं आतीं और सीएमओ अपने स्तर पर ही भुगतान कर देते हैं। नपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि 5 लाख से कम राशि के काम कराने में अधिकारियों और ठेकेदारों के बीच ’50-50 की पार्टनरशिप’ चल रही है।


