टीकमगढ़ में पुल मरम्मत में देरी पर कलेक्टर नाराज:सड़क सुरक्षा बैठक में दी चेतावनी; बोले- जनहानि पर विभाग होगा जिम्मेदार

टीकमगढ़ कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। इसमें ट्रैफिक प्रभारी कैलाश पटेल ने नगर पालिका क्षेत्र सहित पूरे जिले में सड़क सुरक्षा से जुड़े 16 बिंदुओं पर विस्तृत प्रेजेंटेशन दिया। इसमें टीकमगढ़ शहर में ऑटो स्टैंड का चिह्नांकन, हाथ ठेला व फल विक्रेताओं के लिए हॉकर जोन निर्धारित करने, आवारा पशुओं की समस्या, कोतवाली और मिश्रा तिराहा के पार्कों का पुनर्विकास कर यातायात सुगम बनाने जैसे मुद्दे शामिल थे। इसके अलावा अंबेडकर चौराहा, नया बस स्टैंड मार्ग की मरम्मत, सागर बायपास पर रोड मार्किंग, प्रकाश व्यवस्था, साइन बोर्ड लगाने और प्रमुख चौराहों को मॉडल रूप में विकसित करने के प्रस्ताव भी रखे गए। पुरानी टिहरी पुल की मरम्मत में देरी पर सख्ती बैठक में सबसे गंभीर मुद्दा पुरानी टिहरी के प्राचीन पुल की मरम्मत का रहा। बारिश के दौरान पुल की बगल की दीवार गिर गई थी और कई महीने बीतने के बाद भी निर्माण कार्य अधूरा है। जब कलेक्टर ने सेतु निर्माण विभाग के अधिकारी से मरम्मत की समय सीमा पूछी, तो अधिकारी ने बताया कि फाइल भोपाल भेजी गई है और स्वीकृति का इंतजार है। इस जवाब पर कलेक्टर ने तेज नाराजगी जताई और कहा कि पिछले पांच महीनों से लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि इस बीच कोई जनहानि होती है तो विभाग इसके लिए जिम्मेदार होगा। कलेक्टर ने कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। फुटकर गल्ला मंडी को शिफ्ट करने का सुझाव बैठक के दौरान भाजपा पार्षद अभिषेक खरे ने नजाई बाजार में संचालित फुटकर गल्ला मंडी को कृषि उपज मंडी परिसर में स्थानांतरित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि यदि नजाई क्षेत्र में चल रही सब्जी मंडी को व्यवस्थित किया जाए तो काफी जगह उपलब्ध हो सकती है, जिसे पार्किंग के लिए उपयोग किया जा सकता है। हर महीने होगी सड़क सुरक्षा बैठक बैठक में मौजूद अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुधारने को लेकर अपने सुझाव दिए। कलेक्टर ने कहा कि अब हर महीने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की जाएगी और सहमति बनने के बाद संबंधित कार्यों को शीघ्र शुरू कराया जाएगा। यह अधिकारी रहे उपस्थित बैठक में पूर्व बैंक अध्यक्ष विवेक चतुर्वेदी, एडिशनल एसपी विक्रम सिंह, एसडीएम संस्कृति लिटोरिया, तहसीलदार सत्येंद्र सिंह गुर्जर सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *