टीकमगढ़ में बंद ढाबे से शराब जब्त:ढाबा मालिक ने कार्रवाई को झूठा बताया, लोकायुक्त शिकायत वापस लेने का दबाव

टीकमगढ़ में आबकारी विभाग ने शुक्रवार को पुरानी टिहरी रोड स्थित एक बंद ढाबे पर छापा मारा। इस दौरान ढाबे से लगभग 30 पेटी देशी शराब जब्त की गई। कार्रवाई के बाद ढाबे के मालिक रुद्र तोमर ने एक वीडियो जारी कर आबकारी टीम पर पुलिस के साथ मिलकर फर्जी कार्रवाई करने का आरोप लगाया है। रुद्र तोमर ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई उन्हें लोकायुक्त कार्यालय में दर्ज कराई गई एक शिकायत वापस लेने के लिए पुलिस और आबकारी विभाग द्वारा दबाव बनाने के उद्देश्य से की गई है। उन्होंने बताया कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं और झूठे आपराधिक प्रकरणों में फंसाने की साजिश रची जा रही है। तोमर ने 5 जून 2025 को कोतवाली टीकमगढ़ के तत्कालीन थाना प्रभारी पंकज शर्मा के खिलाफ लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत में शर्मा पर भ्रष्टाचार, पद के दुरुपयोग, रंगदारी, अनुचित आर्थिक लेन-देन और अनैतिक गतिविधियों के आरोप लगाए गए थे, जिसके प्रमाण भी प्रस्तुत किए गए थे। लोकायुक्त पुलिस सागर ने पंकज शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इसके बाद पुलिस विभाग ने पंकज शर्मा को कोतवाली थाना प्रभारी पद से हटाकर भोपाल अटैच कर दिया था। तोमर का कहना है कि शिकायत दर्ज कराने के बाद से ही उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। रुद्र तोमर ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उनके निवास और कार्यालय के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों की आवाजाही देखी जा रही है। उन्होंने अपनी और अपने परिवार की जान-माल को गंभीर खतरा बताया है। उन्होंने इस मामले की लिखित शिकायत पुलिस महानिदेशक भोपाल, आईजी सागर, डीआईजी छतरपुर और पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ से की है। उन्होंने अपने वीडियो में कहा है कि यदि उनकी हत्या या एक्सीडेंट में मौत होती है, तो उसके जिम्मेदार पंकज शर्मा होंगे। इस मामले में आबकारी इंस्पेक्टर विजय सिंह चंदेल से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी हसन गोईया ने बताया कि शराब पकड़े जाने के मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *