टीकमगढ़ कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई। कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने बताया कि जिले में 22 साल बाद मतदाता सूची का व्यापक शुद्धिकरण किया गया है। 9,957 मतदाताओं की मौत की पुष्टि 4 नवंबर से शुरू हुए एसआईआर सर्वे के तहत जिले के कुल 7,14,256 मतदाताओं में से 6,76,943 का बीएलओ द्वारा सत्यापन किया गया। सत्यापन के दौरान 7,003 मतदाताओं की कोई जानकारी नहीं मिल पाई, जबकि 9,957 मतदाताओं की मौत की पुष्टि हुई है। कलेक्टर ने बताया कि मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन 23 दिसंबर को किया जा चुका है। इस पर 22 जनवरी 2026 तक दावा-आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी। सभी दावों और आपत्तियों की सुनवाई, सत्यापन और निर्णय 14 फरवरी को एक साथ किया जाएगा। 21 फरवरी को निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन होगा 17 फरवरी तक आयोग से अंतिम प्रकाशन की अनुमति ली जाएगी और 21 फरवरी को निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। इस अवधि में युवा मतदाताओं के नाम भी सूची में जोड़े जा सकेंगे। कलेक्टर ने जानकारी दी कि 1986 में जन्मे व्यक्तियों को भारतीय नागरिक माना गया है। वहीं, 2004 तक के मतदाताओं का सत्यापन वर्ष 2003 की मतदाता सूची के आधार पर किया गया है। जिले के 7,14,056 मतदाताओं में से 6,76,955 को डिजिटल किया गया, जिनमें से 6,76,943 का भौतिक सत्यापन पूरा हो चुका है। मतदाता सूची में 3,04,972 मतदाता स्वयं और 3,64,980 मतदाता वंशज के रूप में दर्ज हैं। 21,979 मतदाताओं में विसंगतियां पाई गईं, जबकि 21,128 मतदाताओं में कोई परिवर्तन नहीं हुआ है। इसके अलावा, 851 दिव्यांग मतदाता और 20,436 मतदाताओं ने तबादला कराया है। 2,246 मतदाता पहले से नामांकित पाए गए, जबकि 4 मतदाता ऐसे हैं जो कोई जानकारी नहीं दे रहे हैं। तीनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केंद्र बढ़ाए गए मतदाताओं की सुविधा के लिए जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केंद्र बढ़ाए गए हैं। टीकमगढ़ विधानसभा में 265 से बढ़ाकर 294 (29 की वृद्धि), जतारा विधानसभा में 256 से बढ़ाकर 285 (29 की वृद्धि) और खरगापुर विधानसभा में 287 से बढ़ाकर 319 (32 की वृद्धि) मतदान केंद्र किए गए हैं।


