टीचर के विदाई समारोह में फूट-फूटकर रोए बच्चे, VIDEO:ना जाने की गुजारिश की; ग्रेड सेकेंड में सिलेक्शन होने पर दूसरे स्कूल में की जॉइनिंग

बाड़मेर में स्कूली बच्चे अपने टीचर की विदाई पर फूट-फूटकर रोए। बच्चे टीचर से लिपट गए और स्कूल से दूर नहीं जाने की गुजारिश की। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें टीचर की विदाई के लिए हुए समारोह में बच्चे उनसे लिपटकर रोते हुए दिखाई दे रहे हैं। दरअसल, बाड़मेर जिले की रामसर ब्लॉक में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय रामसर आगोर के ग्रेड थर्ड पर कार्यरत टीचर तिलोका राम मायला(27) का ग्रेड सेकेंड में सिलेक्शन हो गया था। उनकी पोस्टिंग बालोतरा जिले के राजकीय बालिका वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत स्कूल मजल समदड़ी(सामाजिक विज्ञान) में हुई है, जहां उन्होंने शनिवार को जॉइन भी कर लिया। शुक्रवार को रामसर आगोर स्कूल से रिलीव होने के बाद स्कूल स्टाफ और ग्रामीणों ने उनके लिए विदाई समारोह रखा। इस दौरान स्कूली बच्चे टीचर से लिपटकर रोने लगे। टीचर तिलोका राम की आंखें भी नम हो गई। विदाई समारोह के दौरान स्कूल स्टाफ किशन लाल, तेजा राम, हरिओम, बदरी राम, हनुमान सिंह, शिवपाल सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी रही। टीचर तिलोका राम ने कहा- मैंने रामसर आगोर स्कूल में 14 माह और 11 दिन सेवाएं दी। यहां पर सामाजिक विज्ञान पढ़ाता था। इस दौरान रेगुलर क्लास लेने के साथ-साथ स्टूडेंट्स के साथ फ्रेंडली व्यवहार रखा। हर दिन पढ़ाई के साथ कोई ना कोई नई एक्टिविटी भी करवाता था। इससे बच्चों का स्कूल से जुड़ाव और पढ़ने में भी दिलचस्पी बढ़ी। हालांकि मेरी प्रशासन व सरकार से मांग है कि इस स्कूल में अधिकांश बच्चे अनुसूचित जनजाति के पढ़ते है। अगर इस स्कूल को आवासीय हॉस्टल स्कूल में क्रमोन्नत किया जाए तो बच्चों को ज्यादा फायदा मिल सकेगा। हेड मास्टर हनुमानराम ने बताया कि ग्रेड थर्ड में पदस्थापित टीचर तिलोका राम के बच्चों को पढ़ाने का तरीका अच्छा था। इस वजह से उनके जाने की खबर मिलते ही बच्चों समेत पूरा स्टाफ भावुक हो गया। स्कूल में में 115 बॉयज व गर्ल्स स्टूडेंट पढ़ते हैं। समारोह से जुड़े दो वीडियो आए सामने
समारोह के दो वीडियो भी सामने आए है। एक वीडियो 25 सेकेंड का है। जिसमें एक-एक स्टूडेंट टीचर के गले लगकर और पैर छूकर उन्हें विदाई दे रहे हैं। फिर रोते हुए वापस अपनी जगह पर जाकर बैठ रहे हैं। इस दौरान हर बच्चों की आंखों में आंसू आ गए। दूसरा वीडियो 13 सेकेंड का है। जिसमें टीचर त्रिलोकाराम विदाई समारोह के बाद संबोधन देते है, लेकिन इस दौरान वे भी भावुक हो जाते है। वे अंत में कहते है कि आप सबको शुभकामनाएं, सब अच्छी मेहनत करना, थैंक्यू। बता दें कि बाड़मेर के रामसर के खड़ीन निवासी तिलोका राम की पहली पोस्टिंग 9 अक्टूबर 2023 को अगोर के राजकीय स्कूल में ही मिली थी। जहां से वे 14 माह 11 दिन बाद 20 दिसंबर को दूसरे स्कूल के लिए विदा हुए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *