टीचर ने ASI पति पर किया हमला, जमकर पीटा:नशे में धुत होकर पहुंचा था घर, पहले भी करता था पत्नी-बेटी से मारपीट

अंबिकापुर में प्राइवेट स्कूल की टीचर ने अपने ASI पति को जमकर पीटा। मारपीट में ASI घायल हो गया है। उसके सिर, हाथ, गले एवं चेहरे में चोटें आई हैं। ASI द्वारा नशे की हालत में पत्नी व बेटी से लगातार मारपीट की जाती थी। ASI ने बेटी से मारपीट की तो टीचर का सब्र टूट गया। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, बलरामपुर SP कार्यालय में शिकायत शाखा में पदस्थ एएसआई प्रशांत कुमार प्रकाश बीती शुक्रवार रात शराब पीकर घर पहुंचा एवं पत्नी एवं बेटी से विवाद करने लगा। उसकी पत्नी प्रियंका अंबिकापुर के एक बड़े निजी स्कूल में शिक्षिका है। आरोप है कि प्रशांत पहले भी शराब पीकर पत्नी एवं बेटी से मारपीट करता रहा है। बेटी से मारपीट की तो बेदम पीटा
प्रशांत कुमार प्रकाश ने पत्नी व बेटी से विवाद किया। उसने अपनी बेटी से मारपीट शुरू कर दी। लंबे समय से पति से प्रताड़ित हो रही पत्नी प्रियंका ने जब बेटी से मारपीट होते देखा तो उसके सब्र का बांध टूट गया और उसने ASI पति की जमकर पिटाई कर दी। मारपीट में प्रशांत कुमार प्रकाश के चेहरे, सिर, गले, एवं हाथों में चोटें आई हैं। प्रशांत कुमार प्रकाश ने स्वयं मीडियाकर्मियों को अपनी फोटो भेजकर पत्नी द्वारा मारपीट करने की जानकारी दी है। पति ने कहा-जेवर नहीं दिलाया तो हमला
मीडियाकर्मियों को ASI प्रशांत कुमार प्रकाश ने अपनी फोटो भेजकर बताया कि उसने पत्नी को गोल्ड ज्वेलरी नहीं दिलाई, इसके कारण उसने विवाद किया और जब वे सो रहे थे, पत्नी ने हमला कर मारपीट की। पत्नी ने कहा-बेटी से की मारपीट, इसलिए पीटा
मामले में प्रियंका प्रकाश ने कहा कि पति प्रशांत हमेशा शराब पीकर मारपीट करते हैं व परेशान करते हैं। वे बेटी को मार रहे थे, इस कारण मैंने हाथ छोड़ा। मामले में फिलहाल कोई शिकायत थाने में दर्ज नहीं कराई गई है। प्रशांत कुमार प्रकाश को पिता हेमंत प्रकाश के निधन के बाद अनुकंपा नियुक्ति मिली है। बताया गया है कि वे पहले सरगुजा आईजी के कार्यालय, अंबिकापुर में पदस्थ थे। शराबखोरी की शिकायतों के बाद उन्हें हटाकर बलरामपुर पोस्टेड किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *