वाराणसी मदरसा टीचर की हत्या उसकी पत्नी ने ही की थी। रात सोते समय लोहे की रॉड से वार कर पति बेहोश किया। फिर चाकू मारकर हत्या कर दी। जब मौत हो गई, तो पति का शव पकड़कर खूब रोई। जी भरकर रोने के बाद पत्नी दूसरे कमरे में बच्चों के पास जाकर सो गई। पत्नी ने पुलिस को बताया कि पति उसे टॉर्चर करता था। उसी से आजिज आकर उसकी जान ली है। वह टॉर्चर को सहन नहीं कर पा रही थी। पति के अत्याचार के बारे में परिवार और मोहल्लेवालों को भी पता था। लेकिन, कभी किसी ने दोनों के बीच के विवाद को सुलझाने की कोशिश नहीं की। मामला बादशाहबाग सिगरा इलाके में सरकारी मदरसे का है। पहले 2 तस्वीरें देखिए अब पढ़िए पूरा मामला… वाराणसी के बादशाह बाग में रहने वाले दानिश रजा (40) सरकारी फरोग-ए-उर्दू मदरसे में उर्दू टीचर थे। उनके माता-पिता, 2 भाई और 4 बहनें हैं। वह सबसे छोटे थे। उनके बड़े भाई छत्तीसगढ़ में डॉक्टर हैं। दानिश के 2 बच्चे- 8 साल की बेटी और 5 साल का बेटा है। वह पत्नी रुबीना और बच्चों के साथ घर की नीचे की मंजिल में रहते थे। परिवार के अन्य सदस्य ऊपरी मंजिल पर रहते हैं। 3 अक्टूबर की सुबह दानिश की लाश घर में मिली थी। शव उनके ही कमरे की चारपाई पर पड़ा था। कमरे की दीवारों और फर्श पर खून के छींटे और धब्बे थे। बॉडी पर धारदार हथियार से किए गए गहरे घाव थे। घटनास्थल की स्थिति से साफ है कि उनकी धारदार हथियार से हत्या की गई है। शुरुआती तफ्तीश के बाद से ही पुलिस को पत्नी पर शक था। पत्नी के गोलमोल जवाब से पुलिस का शक गहराया
2 अक्टूबर की रात दानिश का पूरा परिवार घर में मौजूद था। इसके बावजूद उसकी हत्या का किसी को पता नहीं चल सका। 3 अक्टूबर की सुबह पत्नी रुबीना ने घरवालों को बताया कि पति का किसी ने मर्डर कर दिया है। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो पत्नी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पूछताछ करने पर रुबीना ने गोलमोल जवाब दिया। इसके बाद पुलिस ने घर के आस-पास लगे सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग खंगाली। लेकिन, फुटेज में किसी अज्ञात व्यक्ति के आने-जाने की कोई तस्वीर सामने नहीं आई। इसके बाद सिगरा थाना पुलिस ने पहले संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला दर्ज किया था। फिर दानिश की बहन अंदलीब जहरा ने पुलिस को शिकायत दी। उसके आधार पर पत्नी रुबीना के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर किया गया। दानिश की बहन ने रुबीना पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस को दी शिकायत में उसने बताया कि भाई दानिश रजा की शादी रूबीना से 2014 में हुई थी। शादी के 11 साल बाद परिवार से व्यवहार अच्छा नहीं था। प्रॉपर्टी पर कब्जा करना चाह रही थी। भाभी के पराए पुरुष से अवैध संबंध थे। भाई के दोनों बच्चे बहन अंदलीब के पास ही हैं। पुलिस के सवालों के जाल में फंसी पत्नी
पुलिस ने शक के आधार पर रुबीना को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के सवालों में उलझकर रुबीना ने पूरा घटनाक्रम बता दिया। उसने पति दानिश रजा पर आरोप लगाया कि टॉर्चर के अलावा वह गलत काम करने के लिए मजबूर करता था। शादी को 11 साल हो गए। उसने कभी सम्मान नहीं दिया। शादी के बाद से ही वह शराब पीकर पीटाई करता था। दानिश के दोस्त भी उसे उकसाते थे। 3 अक्टूबर की रात मेरे साथ कुछ गलत जरूर हो जाता। इसीलिए 2 अक्टूबर की रात दानिश के सो जाने के बाद पहले रॉड से उसके सिर पर हमला किया। इसके बाद चाकू से गला और चेहरे पर कई बार हमला किया। छत के दरवाजे को बंद किया, बच्चों के सोने का इंतजार किया
रुबीना ने बताया- पति की हत्या करने से पहले मैंने पहली मंजिल पर जाने वाली सीढ़ी का दरवाजा बंद कर दिया। पहली मंजिल पर ही परिवार के दूसरे लोग रहते हैं। मैं नहीं चाहती थी कि रात में जब हत्या करे, तो किसी तरह की आवाज होने पर कोई ऊपर से बचाने आ जाए। मैंने बच्चों को भी दूसरे कमरे में सुला दिया। इसके बाद पति की हत्या कर दी। ——————— ये खबर भी पढ़ें… नदी में बांध बनाकर JCB से निकाल रहे पानी, आगरा में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान डूबे थे 13 युवक आगरा में 2 अक्टूबर को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान 13 युवक नदी में डूब गए थे। इनमें से 7 लोगों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। घटना के तीसरे दिन शनिवार को भी उंटगन नदी में रेस्क्यू चल रहा है। NDRF और SDRF की टीमें लगी हैं। साथ ही सेना की भी मदद ली जा रही है। पढ़िए पूरी खबर


