टीबी अस्पताल के कायाकल्प पर सरकार की मुहर,

अमनदीप सिंह | अमृतसर शहर के टीबी अस्पताल के जीर्णोद्धार को लेकर नए साल के पहले दिन ‘दैनिक भास्कर’ द्वारा प्रकाशित न्यूज पूरी तरह सटीक साबित हुई। मंगलवार को आम आदमी पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी और रामगढ़िया वेलफेयर बोर्ड के सदस्य सतनाम सिंह मठाड़ू ने आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि अस्पताल के आधुनिकीकरण के लिए 35.52 करोड़ की टेंडर प्रक्रिया के तहत 5 जनवरी को तकनीकी बिड खोली जा चुकी है। जल्द ही वर्क ऑर्डर जारी कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। मठाड़ू ने कहा कि सीएम मान के नेतृत्व वाली सरकार स्वास्थ्य ढांचे में सुधार के लिए ऐतिहासिक कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने इस महत्वपूर्ण संस्थान की दशकों तक अनदेखी की, जिससे इसकी पुरानी इमारत जर्जर और डरावनी हो चुकी थी। दैनिक भास्कर ने एक जनवरी को ही संकेत दे दिया था कि शहर को जल्द ही नया अत्याधुनिक टीबी अस्पताल मिलने वाला है और अब सरकार ने बिड खोलकर इस पर मुहर लगा दी है। टीबी मरीजों को अब निजी अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। सरकारी स्तर पर ही विश्वस्तरीय मशीनरी और सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों का समय और पैसा दोनों बचेगा। अस्पताल परिसर में खाली पड़ी जगह पर ओपन पार्किंग और नई सुविधाओं का जाल बिछाया जाएगा, जिससे आने वाले 18 महीनों में इस संस्थान का चेहरा पूरी तरह बदल जाएगा। नई इमारतों के निर्माण के बाद पुरानी जर्जर इमारतों का जगह पार्किंग बनाई जाएगी। यह अस्पताल पूरी तरह से लेटेस्ट मशीनरी और एडवांस मेडिकल टेक्नोलॉजी से लैस होगा। विंग 1- एमआरडी (मल्टी ड्रग रेजिस्टेंट) वार्ड : यह विंग 2 मंजिला होगा। इसके ग्राउंड फ्लोर पर ओपीडी, पहली मंजिल पर डॉक्टर रूम के साथ पुरुष व महिला वार्ड और दूसरी मंजिल पर स्टाफ व प्राइवेट रूम बनाए जाएंगे। विंग 2- बैक्ट्रोलॉजिकल लैब : यहां टीबी से संबंधित सभी जटिल जांच और टेस्ट एक ही छत के नीचे संभव हो सकेंगे। विंग 3- पल्मोनरी हेल्थ केयर सेंटर (तीन मंजिला): इसके ग्राउंड फ्लोर पर इमरजेंसी और ओपीडी होगी। पहली मंजिल पर आईसीयू और डॉक्टर रूम, दूसरी मंजिल पर आधुनिक ऑपरेशन थिएटर और नर्सिंग रूम होंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *