मप्र की एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) की पकड़ से भागे एक आरोपी की गुरुग्राम (हरियाणा) की एक होटल की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। एटीएस 3 जनवरी से गुरुग्राम के सोहना सब डिवीजन की एक होटल में डेरा जमाए थी। टीम ने यहां से टेरर फंडिंग से जुड़े 4 आरोपियों को दबोचा था। इनसे होटल में पूछताछ की जा रही थी। अधिकारियों के मुताबिक, मंगलवार को एक आरोपी बाथरूम जाने के बहाने तीसरी मंजिल की गैलरी में आया और छलांग लगा दी। सिर के बल गिरने से वह घायल हो गया। अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया। जानकारी के मुताबिक, एटीएस की टीम इंस्पेक्टर राहुल शर्मा की अगुआई में गुरुग्राम के सोहना के बस स्टैंड के पास एक होटल में रुकी थी। होटल के दो कमरे बुक किए गए थे। सोहना थाने के एसएचओ समेत सब डिवीजन के एसीपी के मुताबिक, मप्र पुलिस ने न तो यहां आने की जानकारी दी न गिरफ्तारी के बारे में बताया। आरोपियों से होटल में ही पूछताछ की जा रही थी। मंगलवार दोपहर बिहार के मधेपुरा निवासी आरोपी हिमांशु (22) की होटल की तीसरी मंजिल से गिर गया। हालांकि, एटीएस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी बाथरूम जाने के बहाने तीसरी मंजिल की गैलरी में आया और नीचे बिजली के केबल के सहारे भागने की कोशिश में छलांग लगा दी। वह केबल नहीं पकड़ पाया और सिर के बल नीचे गिर गया। गुरुग्राम पुलिस जांच कर रही है। इधर, एटीएस की टीम 3 अन्य आरोपियों के साथ सोहना में ही है। साइबर क्राइम का भी लिंक मिला था चारों आरोपियों से पूछताछ में साइबर क्राइम का भी लिंक मिला है। इसकी जानकारी आला अफसरों को दी गई, इसके बाद साइबर सेल की टीम भी गुरुग्राम के लिए रवाना की गई थी। यह मंगलवार रात पहुंची, जबकि दोपहर को एक आरोपी की मौत हो गई। मौत की सूचना भी अस्पताल ने दी, जांच कर रहे हैं: हरियाणा पुलिस
मप्र एटीएस ने सोहना और गुरुग्राम में गिरफ्तारी या अन्य कार्रवाई की सूचना नहीं दी। युवक की छत से गिरकर मौत की सूचना भी सरकारी अस्पताल से मिली। मामले की न्यायिक जांच चल रही है। -अभिलक्ष जोशी, एसीपी, सोहना (गुरुग्राम)
हरियाणा पुलिस को बाद में सूचना दी गई थी: एडीजी इंटेलीजेंस एक बिहार निवासी एक आरोपी होटल की तीसरी मंजिल से कूद गया, जिससे उसकी मौत हो गई। रिपोर्ट मांगी गई है, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हरियाणा पुलिस को बाद में सूचना दी। -योगेश देशमुख, एडीजी, इंटेलीजेंस, पीएचक्यू


