शुभेंदु शुक्ला | अमृतसर लोकल बॉडीज विभाग के सेक्रेटरी आईएएस मनजीत सिंह बराड़ ने इंप्रूवमेंट ट्रस्ट में 52.40 करोड़ के टेंडर गड़बड़ी मामले में 7 अफसरों को सस्पेंड किया है। जिसमें निगरान इंजीनियर (एसई) सतभूषण सचदेवा, 2 ट्रस्ट इंजीनियर रमिंदरपाल सिंह काहलों और बिक्रम सिंह, 3 सहायक इंजीनियर सुखरिपन पाल सिंह, शुभम धिपेश, मनप्रीत सिंह और जूनियर इंजीनियर मनदीप सिंह का नाम शामिल है। आदेश में मुताबिक, ट्रस्ट अफसरों को पंजाब सिविल सेवा सजा और अपील रूल्स 1970 के नियम 4 (1) (ए) के अधीन तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया गया है। इन अफसरों-मुलाजिमों को हैड क्वार्टर चंडीगढ़ लोकल बॉडीज विभाग में फिक्स किया गया है। सस्पेंशन के दौरान नियम अनुसार गुजारा भत्ता ही मिलेगा। एसएसपी विजिलेंस लखबीर सिंह को सस्पेंड किए जाने के 4 दिन बाद आईपीएस हरप्रीत सिंह को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। इससे पहले हरप्रीत सिंह विजिलेंस ब्यूरो पंजाब दफ्तर में तैनात थे। लखबीर के सस्पेंशन से साफ हो गया था कि सरकार और विजिलेंस ब्यूरो अब अंदरूनी गड़बड़ियों को लेकर भी सख्त रुख अपना रहे हैं। गौर हो कि 52.40 लाख के टेंडर मामले में चली रही जांच के दौरान एसएसपी विजिलेंस लखबीर सिंह के रीडर संजीव ने आईओ एडीसीपी अमनदीप कौर को कॉल करके सिफारिश की थी। जिसके बाद एसएसपी और उनके रीडर को सस्पेंड कर दिया गया था।


