भास्कर न्यूज | भीलवाड़ा भीलवाड़ा टेक्सटाइल एवं हैंडीक्राफ्ट मेला–2026 के तहत रविवार को ग्रामीण हाट में क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। वहीं राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर मेले में उपस्थित लोगों को मतदान की शपथ दिलाकर जागरूक मतदाता बनने का संदेश दिया। मेले में पंच गौरव योजना के तहत एक जिला–एक उत्पाद अंतर्गत टैक्सटाइल उत्पाद थीम पर विभिन्न राज्यों से आए स्टॉलों ने लोगों को आकर्षित किया। इनमें कुर्ती, साड़ी, कश्मीरी शॉल, कंबल, पानीपत की चादरें, ऊनी वस्त्र, हैंडीक्राफ्ट आइटम, हर्बल उत्पाद, इमिटेशन ज्वैलरी, इलेक्ट्रिक आइटम, ई-स्कूटी, जड़ी-बूटियां एवं विभिन्न फूड आइटम्स शामिल रहे। मेले में बढ़-चढ़कर खरीदारी की। विशेष रूप से पानीपत के गर्म कपड़ों एवं इमिटेशन ज्वैलरी के स्टॉल प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहे। आज होगा समापन समारोह : जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक केके मीना ने बताया कि मेले का समापन समारोह सोमवार शाम 4 बजे आयोजित किया जाएगा। समापन कार्यक्रम में सांसद दामोदर अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में चयनित बच्चों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही श्रेष्ठ स्टॉलों का चयन कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा तथा सभी स्टॉल धारकों एवं प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।


