ग्राम पंचायत टेमरी के महामाया प्रांगण में रामायण प्रतियोगिता 7 से 16 जनवरी तक होगी। प्रथम से लेकर छठवां स्थान प्राप्त करने वाली रामायण मंडलियों को पुरस्कार राशि एवं शील्ड से सम्मानित किया जाएगा। रामायण समिति के सचिव संतु यदु ने बताया कि प्रथम स्थान प्राप्त मंडली को 3,000 रुपये, दूसरा स्थान 2,000 रुपये, तीसरा स्थान 1,500 रुपये, चौथा स्थान 1,000 रुपये, पांचवां स्थान 700 रुपये, छठा स्थान प्राप्त मंडली को 500 रुपये एवं सभी को शील्ड पुरस्कार स्वरूप प्रदान किए जाएंगे। बताया कि प्रतियोगिता में शामिल सभी मानस मंडलियों को प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। इसके अतिरिक्त 10 जनवरी को रामायण समिति द्वारा छोटे बच्चों के लिए विशेष मानस प्रश्न मंच का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। टेमरी के साथ-साथ पड़ोसी ग्राम पंचायत चिचोली और किरता घुरसेना में भी रामचरितमानस का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता की तैयारी चल रही है।


