चित्तौड़गढ़ के बेगूं में टेम्पो बाइक को 1 किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गया। हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। जबकि उसका साथी घायल हो गया। घटना रविवार शाम 6 बजे हाईवे 27 पर तेजपुर गांव में हुई। मृतक इसी गांव का रहने वाला था। युवक और उसकी बहन की 5 दिसंबर को शादी होनी थी। हादसे के बाद अब बहन की भी शादी कैंसिल हो गई है। शादी का सामान खरीदकर लौट रहे थे घर पारसोली थानाधिकारी शिवराज राव ने बताया- तेजपुर गांव के रतनलाल (22) पुत्र जमनालाल धाकड़ और उसकी बहन यशोदा की शादी 5 दिसंबर को तय थी। रतनलाल की शादी भगवानपुरा गांव निवासी ममता और यशोदा की शादी ममता के भाई अनिल से से होनी थी। शादी सिंगोली चारभुजा मंदिर के पास होनी थी। रतनलाल पालका निवासी अपने रिश्तेदार राहुल धाकड़ के साथ रविवार शाम करीब 6 बजे बेगूं से शादी की खरीदारी कर गांव लौट रहे थे। इसी दौरान एक टेम्पो ने गांव से एक किलोमीटर पहले सरकारी छात्रावास के पास उनकी बाइक को टक्कर मार दी। रतनलाल बाइक से गिर गया और टेम्पो से बंधी रस्सी में फंस गया। टेम्पो ड्राइवर को इसका पता नहीं था और वह टेम्पो को भगाता रहा। इधर राहुल हादसा स्थल पर ही घायल हालत में पड़ा रहा। एक किलोमीटर तक घसीटता ले गया हादसा स्थल से एक किलोमीटर दूर तेजपुर के ढाबे के पास सड़क से जा रहे राहगीरों ने रतनलाल को टेम्पो की रस्सी से फंदा देख तुरंत टेम्पो को रुकवाया। गांव पास होने के कारण परिजन और पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जांच के बाद शव को काटूंदा सीएचसी में रखवाया। वहीं घायल राहुल को पारसोली सीएचसी में भर्ती करवाया। पुलिस ने ड्राइवर को पकड़कर टेम्पो जब्त कर लिया। सोमवार को पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। इकलौता बेटा था, मां की तीन साल पहले मौत रतनलाल इकलौता बेटा था। रतनलाल गांव में ही एक प्राइवेट स्कूल में टीचर था। रतनलाल की मौत के बाद उसकी बहन यशोदा की शादी भी कैंसिल हो गई है। रतनलाल की मां की मौत तीन साल पहले बीमारी के कारण हो गई थी। पिता जमनालाल के हाथ की तीन उंगलियां कट गई थी। पिता अभी खेती करते हैं।


