चूरू जिले के रतनगढ़ थाना क्षेत्र में NH-11 पर सोमवार रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। दूध के टैंकर ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे नूवां निवासी 19 वर्षीय मोहित प्रजापत गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे सरकारी जालान अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर रतनगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मॉर्च्युरी में रखवाया। मंगलवार सुबह शव की शिनाख्त नूवां निवासी 19 वर्षीय मोहित प्रजापत के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, मोहित अपनी बाइक पर नूवां से रतनगढ़ की ओर आ रहा था। इसी दौरान गांव पायली और संगम चौराहा के बीच रतनगढ़ से राजलदेसर जा रहे एक दूध के टैंकर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में मोहित की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर युवा कांग्रेस नेता रामवीर सिंह रायका और संदीप सिंह भोजासर अपने सहयोगियों के साथ युवक के शव को अस्पताल लेकर पहुंचे। रतनगढ़ पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। फिलहाल, पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में अभी तक कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। मामला दर्ज होने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।


