भास्कर न्यूज | अंबिकापुर शासकीय प्रयास आवासीय विद्यालय अंबिकापुर के छात्रों ने इस साल बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन किया। इस पर पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने विद्यालय पहुंचकर छात्रों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने टॉप-10 में स्थान पाने वाली छात्राओं को सम्मानित किया। परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। बोरा ने कक्षा 10वीं की छात्रा खुशबू बारिक और दिव्या चौहान को राज्य स्तरीय प्रावीण्य सूची में स्थान पाने पर विशेष रूप से सम्मानित किया। उन्होंने छात्राओं को पुष्पगुच्छ, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। बोरा ने कहा, जीवन की दिशा हमारे वर्तमान प्रयासों पर निर्भर करती है। उन्होंने छात्रों से कहा, कठिन परिश्रम का कोई विकल्प नहीं होता। जैसे अभी सफलता मिली है, वैसे ही आगे भी मेहनत करते रहें। संवाद के दौरान छात्रों ने आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर और इंजीनियर बनने की इच्छा जताई। इस पर बोरा ने आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास को सफलता की कुंजी बताया। उन्होंने कहा, माता-पिता का आशीर्वाद और शिक्षकों का मार्गदर्शन सफलता में अहम भूमिका निभाता है।


