टोंक जिला मुख्यालय सहित जिले के हिस्सों में मंगलवार को 2 दिन बाद मौसम साफ हो गया। सुबह से कोहरे का असर नहीं दिखा, जिससे आमजन की दिनचर्या ज्यादा प्रभावित नहीं हुई। हल्की ठंडी हवा के बीच जैसे-जैसे सूरज निकला, धूप तेज होती गई और लोगों को ठंड से राहत मिली। बीते दो दिनों में कोहरे के कारण जो परेशानी थी, उससे आज लोगों को काफी सुकून मिला। वाहन चालक और स्कूली बच्चे कम परेशान मौसम साफ रहने से वाहन चालकों, कामकाजी लोगों और स्कूली बच्चों को खास परेशानी नहीं हुई। जबकि इससे पहले लगातार दो दिनों तक कोहरा छाने से आवाजाही और दिनचर्या पर असर पड़ा था। सोमवार को तो दोपहर तक घना कोहरा बना रहने से लोग काफी परेशान हुए थे। तापमान में आया हल्का बदलाव मौसम बदलने के साथ तापमान में भी उतार चढ़ाव दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस गिरकर 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी के आसार बने हुए हैं और यह 24 घंटे में 1 डिग्री बढ़कर 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। रात में बढ़ी सर्दी, ऊनी कपड़ों का सहारा न्यूनतम तापमान में गिरावट के कारण बीती रात सर्दी का असर पिछले दो दिनों की तुलना में ज्यादा महसूस किया गया। ठंड से बचाव के लिए लोगों को फिर से ऊनी कपड़ों का सहारा लेना पड़ा। इस साल मौसम रहा अलग इस साल मौसम में लगातार उतार चढ़ाव देखने को मिला है। कड़ाके की सर्दी का असर भी कुछ ही दिनों तक सीमित रहा। एक जनवरी से इस जनवरी तक ही तेज सर्दी महसूस की गई, जबकि अन्य सालों में दिसंबर से जनवरी तक घना कोहरा और कड़ाके की सर्दी का असर बना रहता था। इस बार न तो लंबे समय तक सर्दी पड़ी और न ही कोहरा ज्यादा दिनों तक छाया।


