टोंक जिला मुख्यालय समेत जिले के अधिकांश हिस्सों में लगातार तीसरे दिन मंगलवार को भी कोहरे का असर बना रहा। टोंक शहर में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा, हालांकि बीते दो दिनों की तुलना में ग्रामीण क्षेत्रों में कोहरे का प्रभाव कम नजर आया। सूर्योदय के साथ ही कोहरा धीरे-धीरे छंट गया, जिससे टोंक शहर को छोड़कर जिले के अधिकांश हिस्सों में लोगों की दिनचर्या ज्यादा प्रभावित नहीं हुई। टोंक शहर में भी सुबह करीब आठ बजे तक कोहरा समाप्त हो गया। इसके चलते शहर और नहरी क्षेत्रों को छोड़कर अन्य इलाकों में सर्दी का एहसास पिछले दो दिनों के मुकाबले कम रहा। मौसम जल्दी साफ होने से ग्रामीण सड़कों और हाईवे पर विजिबिलिटी सामान्य बनी रही, जिससे सूर्योदय के बाद वाहन चालकों को खास परेशानी नहीं हुई। हालांकि, सूर्योदय से पहले कोहरे के कारण ड्राइवरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा और वाहनों की रफ्तार धीमी रही। तापमान में बढ़ोतरी के आसार मौसम साफ रहने और कोहरा कम छाने के कारण अधिकतम तापमान में करीब दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज होने के आसार हैं। मंगलवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है। वहीं न्यूनतम तापमान भी एक डिग्री बढ़कर 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय हल्की ठंड का असर रहा, जिससे लोगों ने ऊनी कपड़ों का सहारा लिया। इस बार देर से महसूस हुई सर्दी गौरतलब है कि इस साल सर्दी का असर अपेक्षाकृत देर से महसूस हुआ है। आमतौर पर नवंबर महीने में ही ठिठुरन वाली ठंड और घना कोहरा छाने लगता है, लेकिन इस बार दिसंबर का दो-तिहाई हिस्सा बीतने के बावजूद न तो तेज सर्दी पड़ी और न ही लगातार घना कोहरा देखने को मिला। रविवार सुबह पहली बार जिले में घना कोहरा छाया, जिससे मौसम में बदलाव आया। सोमवार को टोंक शहर में कोहरे का असर ज्यादा रहा, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति सामान्य बनी रही। मंगलवार को कोहरे का प्रभाव और कम हो गया, जिससे आने वाले दिनों में मौसम के साफ रहने की संभावना जताई जा रही है।


