टोंक जिले में शुक्रवार को बारिश नहीं हुई, लेकिन ज्यादातर हिस्सों सुबह घना कोहरा और बादल छाए रहे। हालात ऐसे रहे कि सुबह दस बजे तक भी सूरज नजर नहीं आने से गलन बढ़ी और तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई और वाहन चालकों को भी परेशानी हुई। ठंड से बदली दिनचर्या बढ़ी गलन के कारण लोगों को सुबह सर्दी अधिक महसूस हुई। अधिकांश लोग ऊनी कपड़ों में नजर आए। सुबह के समय लोग घरों से कम ही निकले और केवल जरूरी काम से ही बाहर जाना पड़ा। वाहन चालकों को हुई परेशानी कोहरे के कारण वाहन चालकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सुबह करीब आठ बजे तक कई जगहों पर वाहन चालकों को लाइट जलाकर ड्राइविंग करनी पड़ी। कामकाजी लोगों को अपने गंतव्य स्थानों तक पहुंचने में भी परेशानी हुई। तापमान में तीन डिग्री तक गिरावट टोंक जिले में गलन बढ़ने के साथ तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट के आसार बने हुए हैं। आज अधिकतम तापमान गिरकर करीब 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं न्यूनतम तापमान भी 24 घंटे में तीन डिग्री गिरकर 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इससे एक दिन पहले न्यूनतम तापमान 12 डिग्री और अधिकतम 22 डिग्री सेल्सियस था। दो दिन से गिर रहा अधिकतम तापमान जिले में पिछले दो दिनों से लगातार अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। कोहरा और बढ़ती गलन ने ठंड के असर को तेज कर दिया है। दिसंबर तक नहीं पड़ी कड़ाके की सर्दी दरअसल, आमतौर पर नवंबर माह से ही ठिठुराने वाली सर्दी और कोहरे का असर दिखाई देने लगता है, लेकिन इस बार दिसंबर बीतने तक न तो कड़ाके की सर्दी पड़ी और न ही लगातार घना कोहरा छाया। अब बीते दो दिनों से मौसम का मिजाज बदला है और सर्दी का असर बढ़ता जा रहा है। आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने के आसार हैं।


