टोंक के बरौनी थाना क्षेत्र की मंडावर ग्राम पंचायत में मुख्तार नगर में सोमवार को एक महिला की अपने ही कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर मृतका का पीहर पक्ष मौके पर पहुंचा और पति पर मारपीट कर हत्या करने के गंभीर आरोप लगाए। पुलिस ने दोपहर को शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर उसे परिजनों के सुपुर्द किया है। मृतका मंडावर पंचायत के मुख्तयार नगर निवासी नरेशा उर्फ निशा केवट (32) पत्नी शंकर लाल है, जिसका पीहर बूंदी के देईखेड़ा थानाक्षेत्र में घाट का बराना में है। परिजनों का आरोप है कि मृतका का पति शराब का आदी है और आए-दिन नशे की हालत में उसके साथ बेरहमी से मारपीट करता था। इसी घरेलू हिंसा के चलते महिला की जान गई है। पीहर पक्ष ने मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने मृतका के पति को हिरासत में लेकर इस बारे में पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद मौत के कारणों का खुलासा होगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।


