टोंक में सर्दी के मौसम के साथ ही चोरी की वारदातें बढ़ती जा रही हैं। जिला मुख्यालय के गली-मोहल्लों के बाद अब मुख्य बाजार भी चोरों के निशाने पर है। सोमवार रात कोतवाली थाना क्षेत्र में रामकृष्ण मंदिर के सामने स्थित एक दुकान से चोर साढ़े चार लाख रुपए चुराकर फरार हो गए। रात में बेखौफ होकर दिया वारदात को अंजाम सोमवार देर रात तीन नकाबपोश चोर बाइक पर आए। बड़ी लोहे की रॉड से दुकान का शटर करीब दो फीट ऊपर उठाया और गल्ले में रखी नकदी लेकर फरार हो गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। सुबह दुकानदार को लगी चोरी की भनक मंगलवार सुबह करीब 7 बजे आसपास के दुकानदारों ने शटर उठा हुआ देखा। शक होने पर उन्होंने दुकान मालिक मोहम्मद जमील को फोन कर सूचना दी। मौके पर पहुंचकर जब उन्होंने गल्ला और तिजोरी जांची तो साढ़े चार लाख रुपए गायब मिले। व्यापारियों में आक्रोश, गश्त पर उठे सवाल घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस, व्यापार संघ अध्यक्ष मनीष पाटनी और अन्य व्यापारी मौके पर पहुंचे। मुख्य बाजार में हुई चोरी से व्यापारियों में नाराजगी फैल गई। लोगों ने पुलिस गश्त पर सवाल उठाते हुए जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की। CCTV बना अहम सुराग दुकानदार मोहम्मद जमील ने बताया कि फुटेज में साफ दिख रहा है कि तीन युवक बाइक से आए और कुछ ही मिनटों में चोरी कर फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी है।


