टोंक में लगातार सातवें दिन गुरुवार को भी मौसम साफ रहा। सुबह से ही सूर्य के दर्शन हुए और कोहरे का असर पूरी तरह खत्म नजर आया। अब सर्दी का प्रभाव सिर्फ सुबह, शाम और रात के समय ही महसूस किया जा रहा है। दिन निकलते ही मौसम में गर्माहट आने से लोगों ने ऊनी कपड़े पहनना काफी हद तक कम कर दिया है। दिन में 5-6 घंटे सर्दी का असर नहीं मौसम साफ रहने के चलते दिन के समय करीब 5 से 6 घंटे तक सर्दी का असर कम महसूस हो रहा है। इससे लोगों की दिनचर्या सामान्य होती जा रही है। खेतीबाड़ी, व्यापार और अन्य कामकाज अब मौसम की वजह से प्रभावित नहीं हो रहे हैं। स्कूल जाने वाले बच्चे भी अब सुबह ज्यादा ऊनी कपड़े पहनकर नहीं जा रहे। सुबह 10 बजे से सामान्य मौसम का एहसास सुबह करीब 10 बजे के बाद लोगों को सामान्य मौसम का अनुभव होने लगता है। इस दौरान तापमान लगभग 20 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है। दोपहर में तापमान और बढ़ जाता है, जिससे गलन और ठंड से काफी राहत मिलती है। वाहन चालकों और आमजन को भी अब सर्दी से राहत महसूस होने लगी है। अधिकतम तापमान 24 डिग्री तक पहुंचने के आसार मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस बढ़कर करीब 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं। वहीं न्यूनतम तापमान बीते 24 घंटे की तरह करीब 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। आज भी दोपहर के समय सर्दी का असर कम रहने की संभावना जताई गई है। सरसों की फसल के लिए अनुकूल मौसम मौसम अनुकूल रहने से सरसों की फसल को काफी फायदा मिल रहा है। इस समय अधिक गलन और शीतलहर सरसों के लिए नुकसानदायक हो सकती है, जबकि अब फसल में पलिया पकने लगी हैं और उसे सामान्य मौसम की आवश्यकता है। वर्तमान परिस्थितियां सरसों के लिए अनुकूल मानी जा रही हैं। गेहूं को अभी चाहिए ओस और गलन किसानों का कहना है कि गेहूं की फसल के लिए अभी हल्की गलन और ओस की जरूरत बनी हुई है। ओस की बूंदों से प्राकृतिक रूप से नाइट्रोजन मिलती है, जिससे पौधों को यूरिया के समान पोषण मिलता है। इससे फसल की बढ़वार बेहतर होती है और उत्पादन में वृद्धि होती है।


