छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के पखांजुर क्षेत्र में करीब 60 किसान अपना धान नहीं बेच पाए हैं। धान खरीदी की अवधि 14 नवंबर से शुरू होकर 31 जनवरी तक थी, जिसे बाद में 2 फरवरी तक बढ़ाया गया। इसके बावजूद कई किसान धान बेचने से वंचित रह गए। शंकर नगर धान खरीदी केंद्र में 50 से अधिक किसानों के टोकन अभी तक नहीं कट पाए हैं। परेशान किसानों ने पखांजूर के एसडीएम अंजोर सिंह पैकरा को ज्ञापन सौंपा है। किसानों का कहना है कि उन्होंने बैंक से कर्ज लेकर खेती की है। अगर समय पर धान नहीं बिका तो वे कर्ज कैसे चुकाएंगे। एसडीएम पैकरा ने किसानों को आश्वासन दिया है कि वे उनकी मांगों को कलेक्टर के माध्यम से शासन तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि धान खरीदी का समय बढ़ाने का निर्णय उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं है, यह फैसला कैबिनेट की बैठक में ही लिया जा सकता है। एसडीएम ने यह भी कहा कि अगर क्षेत्र के अन्य किसान भी ऐसी मांग करते हैं, तो वे सभी मांगों को शासन तक पहुंचाएंगे। उन्हें उम्मीद है कि सरकार किसानों के हित में निर्णय लेगी, जिससे सभी किसानों का धान खरीदा जा सके।


