छत्तीसगढ़ सहित मध्यप्रदेश के कई जिलों में खड़ी ट्रकों से डीजल की चोरी करने वाले मध्यप्रदेश के गिरोह को सरगुजा पुलिस ने धर दबोेचा। बीती रात डीजल चोरों की संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन के दिखने पर तीन थानों की पुलिस को चोर गिरोह की तलाश में जुटी थी। एक ट्रक से डीजल चोरी कर भाग रहे चोरों के वाहन को सूरजपुर टोल गेट पर रोका गया तो हड़बड़ी में दो गाड़ियों को टक्कर मारकर चोरों ने भागने की कोशिश की। पुलिस ने उन्हें धर दबोचा। कार्रवाई कोतवाली थाना क्षेत्र में की गई है। जानकारी के मुताबिक, सरगुजा, बलरामपुर, सूरजपुर एवं कोरबा जिलों की सीमाओं में लंबे समय से हाईवे एवं स्टेट हाईवे में खड़ी ट्रकों से डीजल चोरी की घटनाएं हो रही थीं। इन मामलों में शिकायतें अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज हैं। 11 नवंबर को भिलाई के जामुल प्लांट से सीमेंट लेकर अंबिकापुर पहुंचे ट्रक क्रमांक CG 07 BS 4028 से 200 लीटर डीजल की चोरी हो गई थी। चोरी के दौरान गाड़ी अंबिकापुर रिंगरोड में जिंदल ट्रेडर्स के पास खड़ी थी। चोरी के दौरान ट्रक का चालक अबोध कुमार सिंह नीचे उतरा तो चोरों ने उसकी पिटाई कर दी थी। मामले में रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 309(4),309(6),312 BNS के तहत अपराध दर्ज किया था। बिना नंबर की स्कॉर्पियो से करते थे चोरी
ट्रकों से चोरी की लगातार हो रही वारदातों के मद़्देनजर पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के CCTV कैमरों के फुटेज की जांच की तो संदिग्ध MP नंबर की स्कॉर्पियो घटनास्थल पर दिखी, जिसमें सवार तीन युवक डीजल टंकी को तोड़कर डीजल निकालते एवं भागते दिखे। पुलिस उक्त स्कॉर्पियो को ट्रेस कर रही थी। बीती रात उक्त संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन फिर से अंबिकापुर में दिखी तो कोतवाली, मणिपुर एवं गांधीनगर थानों की पुलिस टीम को सतर्क किया गया। पुलिस टीम स्कॉर्पियो का पीछा कर रही थी। हालांकि स्कॉर्पियो धुंध का फायदा उठाकर कन्या परिसर के बाहरी रास्ते से होते हुए मनेंद्रगढ़ रोड, में निकली। पुलिस ने किया पीछा, पचिरा टोल गेट में पकड़ाए
नेशनल हाईवे में संदिग्ध स्कॉर्पियो के दिखने पर पुलिस टीम को इसकी सूचना दी गई। स्कॉर्पियो सवार युवकों ने भागने के दौरान सिलफिली में एक खड़ी ट्रक से करीब 220 लीटर डीजल की चोरी कर ली और भाग निकले। वे भागते हुए नेशनल हाईवे में स्थित पचिरा टोल गेट पर पहुंचे। अंबिकापुर पुलिस की सूचना पर संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन को रोकने की कोशिश की गई तो स्कॉर्पियो सवारों ने गाड़ी बैक करते हुए पीछे खड़ी इनोवा वाहन को टक्कर मार दी। भागने की कोशिश में आगे खड़ी एक पिकअप वाहन से स्कॉर्पियो टकरा गई। गाड़ी के क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण वे भाग नहीं सके। इस बीच अंबिकापुर पुलिस पचिरा पहुंच गई। मध्यप्रदेश के चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन से 220 लीटर डीजल जब्त किया है। पुलिस ने मामले में आरोपी हीरा लोनी (41 वर्ष), धु्रव लोनी (22 वर्ष) बसंत लोनी (21 वर्ष) 21 वर्ष तीनों निवासी सिलपुर थाना कोतमा एवं रोहित लोनी (25वर्ष) निवासी मलगा थाना रामनगर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से सब्बल, डंडा, गुलेल बरामद किया गया है। आरोपियों ने अंबिकापुर रिंगरोड सहित 15 दिनों पूर्व लखनपुर रोड़ जजगा, सितंबर माह में मनेन्द्रगढ़ रोड़ अशोक लिलैण्ड गैराज के पास, बिलासपुर रोड़ में खड़ी ट्रक से डीजल चोरी करना स्वीकार किया। इसके अलावे उन्होंने सूरजपुर, बलरामपुर एवं कोरबा जिलों के साथ मध्यप्रदेश में भी चोरी की घटनाओं में शामिल होने की जानकारी दी है। आरोपी चोरी कर डीजल को मध्यप्रदेश में एक व्यक्ति को बेच देते थे व नगद पैसे ले लेते थे। चोरी के लिए वे स्कॉर्पियो एवं मारुती बलेनो कार का इस्तेमाल करते थे। कोतवाली थाना प्रभारी शशिकांत सिन्हा ने बताया कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा मंे जेल भेज दिया गया है। ट्रक मालिक एसोसिएशन करेगा सम्मान
चोर गिरोह को गिरफ्तार करने पर सरगुजा ट्रक मालिक एसोसिएशन ने सरगुजा आईजी, एसपी एवं कार्रवाई में शामिल पुलिस टीमों का आभार जताया है। ट्रक मालिक एसोसिएशन के संभागीय अध्यक्ष रविंद्र तिवारी ने बताया कि गिरोह लंबे समय से ट्रकों से डीजल चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे, इससे ट्रक मालिकों को नुकसान का सामना करना पड़ रहा था। इसकी शिकायत कई बार अधिकारियों से की गई थी। डीजल चोरी करने वाले गिरोह के पकड़े जाने से ट्रक मालिकों को खासी राहत मिली है। ट्रक मालिक एसोसिएशन ने कार्रवाई के लिए पुलिस अधिकारियों का सम्मान करेगा। यह गिरोह पूरे संभाग में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।


