सिरोही में तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रहे ऑटो को पीछे से टक्कर मार दी। इससे ट्रक में रखी लोहे की भारी मशीन केबिन को तोड़ते हुए ऑटो पर गिर गई। मशीन के नीचे दबने से ड्राइवर, हेल्पर और ऑटो में बैठी एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मशीन को क्रेन की सहायता से उठाकर शवों को बाहर निकाला गया। वहीं, एक महिला ने अस्पताल जे जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं, आठ घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा बुधवार दोपहर 3 बजे स्वरूपगंज थाना क्षेत्र में उदयपुर-पालनपुर एनएच-28 पर कोदरला गांव के पास हुआ। स्वरूपगंज एएसआई नरेंद्र ने बताया कि ट्रक सिरोही से आबूरोड की तरफ जा रहा था, जिसमें लोहे की भारी मशीन भरी हुई थी। थाना क्षेत्र में उदयपुर-पालनपुर एनएच-28 पर कोदरला गांव के पास ट्रक ने पीछे से ऑटो के टक्कर मार दी। इससे ट्रक में पीछे रखी मशीन केबिन को तोड़ते हुए ऑटो पर जा गिरी। इससे ट्रक ड्राइवर, हेल्पर और ऑटो में सवार एक महिला मशीन के नीचे दब गए। उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मशीन को कड़ी मशक्कत के बाद क्रेन की सहायता से हटाकर तीनों के शव बाहर निकाले गए। वहीं, ऑटो में सवार करीब 9 लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए स्वरूपगंज के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। एक महिला को प्राथमिक इलाज के बाद रेफर करने पर उदयपुर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे जाम
ट्रक और ऑटो की भिड़ंत के बाद हाईवे पर जाम लग गया। स्वरूपगंज थाना पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायाय को एकतरफा कर जाम को खुलवाया। पुलिस मृतकों की शिनाख्ती के प्रयास कर रही है।


