भास्कर न्यूज|लुधियाना पुनीत नगर और भरपूर नगर इलाके में रहने वाले लोगों ने डाइंग का अनट्रीटेड वेस्ट सड़कों पर बहने पर नगर निगम और डाइंग इंडस्ट्रीज के मालिकों के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि गंदगी के कारण बदबू में शहरवासियों को रहना दूभर हो गया है, लेकिन नगर निगम अफसर कार्रवाई को लेकर संजीदा नहीं है। शनिवार को पुनीत नगर और भरपूर नगर इलाके में रहने वाले लोगों ने ताजपुर रोड धर्मकांटे के पास रोड जामकर प्रदर्शन किया। निवासियों ने रस्सी बांधकर रास्ता रोक दिया और 2 घंटे तक नगर निगम और डाइंग इंडस्ट्रीज के मालिकों के खिलाफ धरना देकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने पंजाब सरकार तथा नगर निगम अधिकारियों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि डाइंगों द्वारा छोड़ा जाने वाला दूषित पानी पिछले 10 दिनों से उनके घरों के बाहर गलियों में खड़ा है। पानी से इतनी गंदी बदबू आ रही है कि लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। वॉर्ड नंबर 17 के पार्षद पति जितेंद्र गोयल ने कहा कि कई बार शिकायत देने के बाद भी निगम अधिकारियों मामले में सुनवाई कर रहे हैं और लोगों के बीमार होने का खतरा बना हुआ है। वहीं, यह मामला नगर निगम मेयर व निगम अधिकारियों के पास पहुंचा जिसके बाद निगम कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया। इसके बाद धरना समाप्त किया गया। मेयर इंद्रजीत कौर ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद उन्होंने अधिकारियों को जरूरी निर्देश दे दिए हैं। गलियों के खड़े पानी की निकासी का इंतजाम सुनिश्चित किया जाएगा। सड़क जाम के दौरान ट्रक और टेंपो वालों के वाहनों को रास्ता नहीं मिला। इस कारण उनकी प्रदर्शनकारियों के साथ विवाद हो यगा। ट्रक और टेंपो वालों का कहना था कि प्रदर्शनकारी रोड छोड़कर धरना लगाए जबकि प्रदर्शनकारी ने किसी भी गाड़ी को जाने नहीं दिया। इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया जिस पर मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनी लेकिन प्रदर्शनकारियों ने समस्या का समाधान होने के बाद ही धरना समाप्त करने की बात कही। पुलिस को विवाद सुलझाने में खासी मशक्कत करनी पड़ी।


